April 18, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

सुप्रीम कोर्ट के 4 सीनियर जजों से मिले मुख्य न्यायाधीश दीपक मिश्रा

नई दिल्ली। उच्चतम न्यायालय के 4 वरिष्ठतम न्यायाधीशों के मुखर विरोध से उत्पन्न संकट के समाधान के इरादे से प्रधान न्यायाधीश दीपक मिश्रा ने मंगलवार को इन चारों न्यायाधीशों से मुलाकात की। इन न्यायाधीशों ने संवदेनशील प्रकृति वाली जनहित याचिकाओं को सुनवाई के लिए आबंटन सहित अनेक गंभीर आरोप लगाये थे। शीर्ष अदालत से जानकारी मिली कि प्रधान न्यायाधीश ने सवेरे न्यायालय का कामकाज शुरू होने से पहले न्यायमूर्ति जे चेलमेश्वर, न्यायमूर्ति रंजन गोगोई, न्यायमूर्ति मदन बी लोकूर और न्यायमूर्ति कुरियन जोसेफ से करीब 15 मिनट तक मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान कई अन्य न्यायाधीश भी उपस्थित थे। इस मुलाकात के बाद प्रधान न्यायाधीश और चारों न्यायाधीश अपने काम के लिए चले गए। इन न्यायाधीशों द्वारा 12 जनवरी को अप्रत्याशित कदम उठाते हुये की गई प्रेस कांफ्रेस से उत्पन्न संकट के समाधान को लेकर बार काउन्सिल ऑफ इंडिया और उच्चतम न्यायालय बार एसोसिएशन सोमवार काफी आशान्वित थीं परंतु ऐसा लगता है कि प्रधान न्यायाधीश के खिलाफ शिकायतों को लेकर विवाद का समाधान अभी दूर है।

Share to...