April 18, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

संसद सत्र : सोशल डिस्टेंसिंग, दर्शक दीर्घा में बैठेंगे सांसद

कोरोना महामारी के दौर में संसद सत्र कैसे चलाया जाए इसको लेकर अब तैयारियां अंतिम दौर तक पहुंच गई हैं। हालही में मानसून सत्र के लिए संसद के दोनों सदनों के सांसद सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए सदन की कार्यवाही में हिस्सा ले सकें इसका अंतिम ख़ाका तैयार कर लिया गया है। इसके अनुसार लोकसभा और राज्यसभा के सांसदों को 3 जगह बिठाया जाएगा जहां से वो सदन की कार्यवाही में शामिल हो सकेंगे।

मिली जानकारी के अनुसार दोनों सदनों में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के लिए सांसदों को 3 जगहों पर बिठाया जाएगा। लोकसभा और राज्यसभा के वर्तमान सदन में सभी सांसदों को 6-6 फीट की दूरी पर बिठाया जाएगा। इस व्यवस्था के चलते लोकसभा के सदन में जहां क़रीब 125 सांसद बैठ सकेंगे, जबकि राज्यसभा के सदन में क़रीब 60 सांसद ही बैठ सकेंगे। इसके अलावा सांसदों के लिए सदन की दर्शक दीर्घाओं में भी बैठने का इंतज़ाम किया जा रहा है।

दर्शक दीर्घा में बैठकर वहां आने वाले लोग सदन की कार्यवाही देखते हैं। इन दोनों जगहों पर जगह भरने के बाद जो सांसद बच जाएंगे उन्हें संसद भवन परिसर में मौजूद 2 अलग भवनों में बिठाया जाएगा, जो वर्चुअल तरीक़े से अपने अपने सदनों की कार्यवाही में हिस्सा ले सकेंगे। लोकसभा और राज्यसभा के सांसदों को अलग-अलग भवनों में बिठाया जाएगा।

इन इंतज़ामों को अंतिम रूप देने के लिए जल्द ही राज्यसभा के सभापति वेंकैया नायडू और लोकसभा के अध्यक्ष ओम बिड़ला के बीच बैठक हो सकती है। आज राज्य सभा के इंतज़ामों को अंतिम रूप देने के लिए वेंकैया नायडू ने राज्यसभा के महासचिव और बाक़ी अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में नायडू ने अधिकारियों को इन इंतज़ामों पर अमल करने का निर्देश दिया।

Share to...