April 18, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

संघ कार्यकर्ता समेत परिवार की हत्या, लोकतांत्रिक व्यवस्था पर धब्बा : राज्यपाल

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कार्यकर्ता की परिवार समेत हत्या को लेकर राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने ममता बनर्जी सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि इस जघन्य हत्याकांड में राज्य की कानून व्यवस्था की बदतर स्थिति नजर आती है। इससे पहले विश्व हिंदू परिषद ने बंगाल में राष्ट्रपति शासन लागू करने की मांग की। वहीं, घटना के विरोध में भाजपा और आरएसएस ने प्रदर्शन किया।
राज्यपाल ने कहा कि घटना से बेहद दुखी हूं। यह लोकतांत्रिक व्यवस्था पर धब्बा है। एक शिक्षक, उनकी गर्भवती पत्नी और बेटे की नृशंस हत्या कर दी गई। लेकिन तृणमूल सरकार की ओर से मानवता को शर्मशार करने वाली इस घटना पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। मैंने इस मामले में अधिकारियों से हालात को लेकर अपडेट मांगा है। उम्मीद है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी।
संघ कार्यकर्ता बंधु प्रकाश पॉल उनकी गर्भवती पत्नी ब्यूटी और छह वर्षीय बेटे अंगन के शव मंगलवार को जियागंज इलाके में स्थित उनके घर में खून से लथपथ मिले थे। हमलावरों ने तीनों पर धारदार हथियार से हमला किया था। पुलिस संपत्ति विवाद समेत अन्य पहलुओं को लेकर मामले की जांच कर रही है।
विहिप के अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष आलोक कुमार ने मुर्शिदाबाद में कहा कि केंद्र को सोचना चाहिए कि बंगाल संविधान के अनुसार चलेगा या राज्य में राष्ट्रपति लागू करने का समय आ गया है।

Share to...