April 17, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

लड़के के परिवार को चाहिए थी अफसर बहू, लड़की बन गई फर्जी असिस्टेंट कमांडेंट, फिर हुआ यह

इश्क के जुनून में डूबी 22 साल की सनमति क्षिप्रे ने शायद इसका मतलब समझने में थोड़ी सी चूक कर दी और अब वह जेल में है। दरअसल सनमति ग्वालियर के एक बैंक कर्मचारी से प्यार करती है। उससे हर हाल में शादी करने के लिए सनमति ने बीएसएफ अकादमी टेकनपुर में असिस्टेंट कमांडेंट का फर्जी जॉइनिंग लेटर घर पर ही बना डाला।

उसे अपनी यह हरकत प्यार में जायज लगी। इसकी वजह यह थी कि लड़के के घर वालों को अफसर बहू चाहिए थी। सनमति ने तो सोचा था कि शादी होने के बाद वह सब बता देगी। पर मामला उलटा पड़ गया। शादी से पहले ही उसके भावी ससुराल वाले उसकी जॉइनिंग कराने बीएसएफ अकादमी ले गए। वहां उसकी पोल खुल गई। अफसरों ने पुलिस बुलाकर उसे फ्रॉड केस में गिरफ्तार करा दिया। सनमति महाराष्ट्र की रहने वाली है। उसे ग्वालियर के डबरा के रहने वाले बैंक कर्मचारी से प्यार है। वह उससे शादी भी करना चाहती थी।

लड़का महाराष्ट्र के कोल्हापुर में ही जॉब करता है, लेकिन जब सनमति को पता चला कि लड़के की फैमिली को अफसर बहू चाहिए थी, तो उसने अपना प्यार पाने की खातिर एक झूठी कहानी गढ़ी। उसने इंटरनेट से कुछ पुराने जॉइनिंग लेटर निकाले। उनमें हेरफेर कर बीएसएफ अकादमी टेकनपुर में असिस्टेंट कमांडेंट का फर्जी जॉइनिंग लेटर घर पर ही बनाया, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। सात फेरों से पहले सनमति को जेल जाना पड़ गया।

Share to...