April 18, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

मानवता को तार तार करने वाला मामला, झाड़ियों में फेंके नवजात को ले जा रहा था श्वान

विनोद पातरिया,बैतूल: बैतूल में रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। जन्म के बाद नवजात को झाड़ियों में फेंक दिया और झाड़ियों से नवजात को कुत्ता खींच कर ले जा रहा था । ग्रामीणों ने देखा तो कुत्ता छोड़कर भाग गया। गंभीर हालत में नवजात को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है ।

बैतूल के आठनेर थाना क्षेत्र के सातनेर गांव में ग्रामीणों ने देखा कि झाड़ियों में से एक नवजात को कुत्ता खींच कर ले जा रहा है । ग्रामीणों को देखकर कुत्ता ने नवजात को छोड़ दिया । ग्रामीणों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी और नवजात को गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आठनेर में भर्ती कराया गया । प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे को जिला अस्पताल रेफर किया गया जहां एसएनसीयू में भर्ती किया गया और डॉक्टरों ने नवजात का इलाज शुरू कर दिया ।
नवजात का इलाज कर रहे शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ आयुष श्रीवास्तव का कहना है कि नवजात को जिला अस्पताल लाया गया है। 7 माह में प्रीमेच्योर डिलेवरी हुई है और लगभग बच्चा 12 घंटे का है। नवजात लड़का है और हालत गंभीर है। कुत्ते ने बाएं पैर की तीसरी उंगली खींच ली है जिससे हड्डी बाहर आ गई है इलाज जारी है बच्चे के बचने की कम उम्मीद है ।

आठनेर थाना प्रभारी विजय प्रकाश महोरे ने बताया कि सातनेर गांव में अज्ञात नवजात शिशु झाड़ियों में मिलने और बाद में कुत्ता उसे गांव में मुंह में दबाकर घूमने की शिकायत मिली थी । नवजात को देखकर लग रहा है कि डिलेवरी के बाद उसे फेंक दिया गया है । पुलिस अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर रही है और उसकी तलाश शुरू कर दी गई है ।

घटना के बाद नवजात बच्चे को फेंकने वाले की तलाश जारी है । इसके साथ ही लोगों के मन में जिज्ञासा है कि आखिर कौन कठोर दिल है जिसने जन्म लेते ही बेटे को मरने के लिए झाड़ियों में फेंक दिया। वो तो ग्रामीणों की नजर समय पर पड़ गई जिसके बाद नवजात को अस्पताल पहुंचाया गया है,वरना कुत्ता जिंदा शिशु को अपना शिकार बना लेता। डॉक्टर भी उसे बचाने की कोशिश कर रहे हैं।

Share to...