April 18, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

महिला आईएएस ने नोटों से गांधी को और गोडसे को थैंक्यू कहा, विवाद

महात्मा गांधी के खिलाफ ट्वीट कर महाराष्ट्र की एक आईएएस अफसर विवादों में आ गई है। महाराष्ट्र की निधि चौधरी नाम की एक आईएएस ने 17 मई को एक विवादित टिप्पणी की, जिसमें लिखा था कि हम गांधी की 150 जयंती मना रहे हैं, इससे बढ़िया क्या मौका हो सकता है कि हम अपने नोटों से उनकी तस्वीर हटा दें। दुनिया भर से उनकी मूर्तियां हटा दें। इस ट्वीट के लिए निधि चौधरी की खूब आलोचना हुई। इसके बाद उन्होंने अपना ट्वीट डिलीट कर दिया है, लेकिन एनसीपी ने उन्हें नौकरी से सस्पेंड करने की मांग की है।
निधि चौधरी 2012 बैच की आईएएस हैं। इस वक्त वह बीएमसी में कार्यरत हैं। इससे पहले वह सहायक कलेक्टर रह चुकी हैं। 17 मई को एक ट्वीट में उन्होंने लिखा था कि हम शानदार रूप से 150 जयंती मना रहे हैं, यही मौका है कि हम अपने नोटों से उनका चेहरा हटा दें, दुनिया भर से उनकी मूर्तियां हटा दें, उनके नाम से रखी गई संस्थाएं और सड़कों के नाम बदल दें, ये हम सभी की ओर से उन्हें असली श्रद्धांजलि होगी, 30 जनवरी 1948 के लिए थैंक्यू गोडसे।
निधि चौधरी के इस ट्वीट पर एनसीपी ने कड़ी आपत्ति जताई है और उन्हें नौकरी से सस्पेंड करने की मांग की है। एनसीपी नेता जितेंद्र अनहद ने कहा कि गांधी जी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी के लिए हम तुरंत निधि चौधरी के सस्पेंशन की मांग करते हैं, उन्होंने नाथुराम गोडसे को महिमामंडित किया है, इसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है।
इस ट्वीट पर विवाद होने के बाद निधि चौधरी ने इसे डिलीट कर दिया। निधि ने एक दूसरे ट्वीट में लिखा कि 17 मई के अपने ट्वीट को मैंने डिलीट कर दिया, क्योंकि कुछ लोग इसे गलत समझ गए। अगर वो 2011 से मेरे टाइमलाइन को फॉलो किए हुए होते तो वे समझते कि मैं गांधी जी का अनादर करने की सोच भी नहीं सकती हूं, मैं उनके सामने पूरी श्रद्धा से सर नवाती हूं।

Share to...