April 18, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

महाकाल बाबा का लिया शिवराज ने आशीर्वाद, फिर पहुंचे जनता के बीच

भारतीय जनता पार्टी की ओर से महापौर उज्जैन प्रत्याशी बनाए गए मुकेश टटवाल के समर्थन में वोट मांगने बुधवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जनता के बीच पहुंचे। उन्होंने जनआशीर्वाद रैली के रूप में अपनी यात्रा दोपहर 3ः30 बजे ज्योतिर्लिंग महाकालेश्वर मंदिर में पूजन-अर्चन करने के पश्चात प्रारंभ की। महाकाल बाबा के दर्शन के समय उनके साथ इंदौर महापौर प्रत्याशी पुष्यमित्र भार्गव भी शामिल थे। सभी 54 प्रत्याशियों व कार्यकर्ताओं के साथ रैली के रूप में शहीद पार्क पहुंचे। यहां सभा को संबोधित किया।

मुख्यमंत्री शिवराज सिह चौहान, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, इंदौर महापौर प्रत्याशी पुष्यमित्र भार्गव और उज्जैन महापौर प्रत्याशी मुकेश टटवाल दोपहर 3 बजे उज्जैन पहुंचे। सबसे पहले महाकाल मंदिर पहुंचकर भगवान का अभिषेक व पूजन किया। इसके बाद जनआशीर्वाद रैली निकाली। रैली में आगे 54 वार्डों के प्रत्याशी चल रहे थे।

प्रचार रथ पर मुख्यमंत्री, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, महापौर प्रत्याशी समेत उच्च शिक्षा मंत्री डा मोहन यादव, विधायक पारस जैन, सांसद अनिल फिरोजिया, भाजपा नगर अध्यक्ष विवेक जोशी भी सवार थे। रैली महाकाल मंदिर से शुरू होकर पटनी बाजार, गोपाल मंदिर, सतीगेट, नई सड़क, दौलतगंज, मालीपुरा, देवास गेट, चामुंडा चौराहा, टावर होकर शहीद पार्क पर आमसभा के रूप में परिवर्तित हुई। समर्थकों ने पगड़ी पहनाकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

इस बीच मुख्यमंत्री रथ पर सवार होने जाते समय भीड़ अधिक होने के कारण सीएम व प्रदेश अध्यक्ष के साथ धक्कामुक्की भी हुई। बाद में मौके पर तैनात सुरक्षा बल घेरा बनाकर उन्हें रथ तक लेकर गए।

Share to...