April 18, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

भोपाल गैंगरेप : अपहरण कर 3 घंटे तक की दरिंदगी, पुलिस ने बताई फिल्मी कहानी

भोपाल में एक छात्रा के साथ हुए गैंगरेप में पुलिस की लापरवाही सामने आई है। जब पीड़िता पिता के साथ अपने साथ हुए जुल्म की शिकायत लिखवाने पुलिस के पास पहुंची, तो न केवल पुलिस ने दूसरे थाने का मामला कहकर उन्हें वहां से टरका दिया बल्कि पीड़िता की आपबीती को उन्होंने फिल्मी कहानी बता दिया। पुलिस ने इतनी लापरवाही उस समय दिखाई जब पीड़िता के पिता खुद रेलवे पुलिस में हैं। इतना ही नहीं पुलिस से कोई मदद मिलती न देख पीड़िता ने खुद ही हिम्मत दिखाकर माता.पिता के साथ उन 4 दरिंदों में से एक को खोजकर पुलिस के हवाले कर दिया। इस मामले पर राजनीति गर्माने और शासन के सख्त होने पर पुलिस ने तुरंत कार्यवाही करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक अन्य की तलाश जारी है। मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में सिटी एसपी, 3 इंस्पेक्टर और एक सब इंस्पेक्टर को सस्पेंड कर दिया गया है।
सूबे के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मामले को संज्ञान में लेते हुए दोषियों को सख्त और तुरंत सजा दिलवाने के लिए मामले की सुनवाई को फास्ट ट्रैक कोर्ट को सौंपने का ऐलान किया है। गैंगरेप की इस घटना को लेकर मध्य प्रदेश की सियासत भी गर्माने लगी है। घटना से नाराज कांग्रेसियों ने हबीबगंज स्टेशन के जीआरपी थाने के बाहर काली पट्टियां बांधकर प्रदर्शन किया। गुस्साए कांग्रेसियों ने प्रदेश के गृह मंत्री भूपेंद्र सिंह से इस्तीफे की मांग की है।
हबीबगंज इलाके में रेलवे लाइन के पास कोचिंग क्लास से लौट रही 19 वर्षीय छात्रा को 4 बदमाशों ने पहले अगवा किया और बाद में रेलवे लाइन की पुलिया के नीचे ले जाकर उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया। पीड़िता बीएससी की छात्रा है और सिविल सर्विस परीक्षा की कोचिंग ले रही है। कोचिंग लेने के बाद शाम करीब 7 बजे वह घर वापस आ रही थी तभी उसके साथ यह हादसा हुआ। ख़ास बात ये है कि घटना स्थल हबीबगज जीआरपी थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर है।
जानकारी के अनुसार चारों बदमाशों ने 3 घंटे तक छात्रा को अपनी हवस का शिकार बनाया। इतना ही नहीं इस बीच वे गुटखा और तंबाकू खाने भी खाते रहे। बाद में आरोपियों ने गला दबाकर छात्रा को मारने की कोशिश भी की। छात्रा के बेहोश होने के बाद वे उसे मरा समझकर वहां से फरार हो गए। होश आने के बाद किसी तरह छात्रा देर रात घर पहुंची और उसके साथ हुई घटना के बारे में बताया। पीड़िता के पिता रेलवे पुलिस में सब इंस्पेक्टर हैं।

Share to...