April 19, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

भारत-श्रीलंका वनडे सीरीज लटकी अधर में मंत्री ने 9 खिलाड़ियों को भारत आने से रोका

भारत-श्रीलंका के बीच 3 टेस्ट मैचों की सीरीज बुधवार को खत्म हो जाएगी। इसके बाद दोनों टीमों को 3 वनडे और 3 टी 20 मैचों की सीरीज खेलनी है। वनडे सीरीज का आगाज 10 दिसंबर से होगा, लेकिन सबसे बड़ा सवाल ये खड़ा हो गया है कि श्रीलंका किन खिलाड़ियों के दम पर ये सीरीज खेलेगा।
श्रीलंका के खेल मंत्री दयाश्री जयशेखरा ने श्रीलंका वनडे टीम के उन 9 खिलाड़ियों को भारत आने से रोक दिया जिन्हें वनडे सीरीज के लिए अपनी टीम के साथ जुड़ना था। टेस्ट सीरीज के बाद श्रीलंका के कुछ खिलाड़ी स्वदेश लौट जाएंगे और उनकी जगह वनडे के विशेषज्ञ खिलाड़ी टीम के साथ जुड़ेंगे। सोमवार को वनडे सीरीज के लिए भारत आ रहे 9 खिलाड़ियों को कोलंबो एयरपोर्ट से वापस भेज दिया गया। इसके पीछे वजह ये थी कि श्रीलंका के खेल मंत्री वनडे सीरीज के लिए चुने गए खिलाड़ियों की लिस्ट से संतुष्ट नहीं थे।
इस वक्त भारत में वनडे सीरीज खेलने वाले निरेशन डिकवेला, लाहिरु थिरिमाने, एंजेलो मैथ्यूज जैसे खिलाड़ी यहीं मौजूद हैं जबकि वनडे टीम के अन्य खिलाड़ी जिन्हें टीम से जुड़ना था उन्हें भारत आने से रोक दिया गया। जिन खिलाड़ियों को भारत आने से रोका गया है उनमें टीम के कप्तान थिसारा परेरा, उपुल थरंगा, धनुषा गुणाथिलाका, असेला गुणारत्ने, चतुरंगा डि सिल्वा, सचिथ पतिराना, दुशमंथा चमीरा और नुवान प्रदीप प्रमुख हैं। ये सभी खिलाड़ी सोमवार की रात भारत आने के लिए एयरपोर्ट पहुंच चुके थे लेकिन उन्हें एयरपोर्ट से वापस भेज दिया गया।

Share to...