April 18, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

बोगीबील ब्रिज का उद्घाटन : अटल सरकार के कारण पुल का काम शुरू हो पाया : मोदी

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को सबसे लंबा रेलवे-रोड पुल समर्पित किया। असम के डिब्रूगढ़ में प्रधानमंत्री ने आज 4.94 किलोमीटर की लंबाई वाले बोगीबील ब्रिज का उद्घाटन किया। इस पुल की मदद से असम और अरुणाचल प्रदेश की दूरी कम हो गई है, ये पुल असम के डिब्रूगढ़ में ब्रह्मपुत्र नदी के दक्षिण तट को धेमाजी जिले से जोड़ता है। इससे ही सटा अरुणाचल का सिलापत्थर भी है। इस पुल को चीन के लिहाज से भी काफी अहम माना जा रहा है।
इस पुल को भारतीय इंजीनियरिंग की अनोखी मिसाल भी कह सकते हैं, क्योंकि ये डबलडेकर ब्रिज है। जिस पर ट्रेन और बसें एक साथ दौड़ेंगी। इस पुल को बनाने में करीब 4857 करोड़ रुपये का खर्च हुआ है। प्रधानमंत्री ने पुल के दक्षिणी क्षेत्र से उद्घाटन किया, जिसके बाद पुल पर सफर करते हुए वह उत्तरी हिस्से में गए।
पुल का उद्घाटन करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक रैली को भी संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज देश अटल बिहारी वाजपेयी का जन्मदिन सुशासन दिवस के रूप में मना रहा है। उन्होंने कहा कि आज केंद्र की सरकार सबका साथ.सबका विकास के मंत्र के साथ आगे बढ़ रही है और देश में सुशासन ला रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि ये देश का पहला पूरी तरह स्टील से बना पुल है। इस पर एक साथ गाड़ियां और ट्रेन इस पर दौड़ेंगी और देश की सामरिक शक्ति को ताकत मिलेगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस पुल की मदद से लोगों का सफर आसान होगा और असम के लिए ये एक लाइफलाइन के तौर पर काम करेगा। इससे असम और अरुणाचल के बीच की दूरी सिमट गई है। आजादी के बाद ब्रह्मपुत्र में 70 साल में कुल 3 ब्रिज बने और पिछले 4 साल में ही हमने ब्रह्मपुत्र के ऊपर तीन ब्रिज बना दिए हैं। जबकि नए पुलों पर भी काम चल रहा है।
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि इस पुल का निर्माण अटल जी के कारण शुरू हो पाया, 2004 में जब उनकी सरकार गई तो उनके प्रोजेक्ट को रोक दिया गया। अगर अटल जी की सरकार को अवसर मिलता तो 2007-08 तक ये पुल पूरा हो जाता, यूपीए की सरकार जो केंद्र में रही उसने पुल पर ध्यान नहीं दिया। 2014 में जब हमारी सरकार आई तो उसके बाद से ही नॉर्थ ईस्ट पर विशेष ध्यान दिया गया है। 2014 से पहले हर साल करीब 100 किलोमीटर सड़कें बनती थी, लेकिन जबसे उनकी सरकार आई है तभी से हर साल 350 किमी सड़कें बन रही हैं।

Share to...