November 19, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

बारिश का त्राहिमाम : कही राहत और बचाव कार्य जारी, कही खतरे के निशान से ऊपर जल स्तर

देश के कई हिस्सों में मूसलधार बारिश का दौरा जारी है। भारी बारिश के कारण कई शहरों में बाढ़ से हाहाकार मचा हुआ है। देश के कई हिस्सों में 20 से 25 अगस्त तक हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश से बाढ़ के कारण काफी तबाही हो गई है। कई राज्यों में जान माल का भारी नुकसान भी हुआ है।
उत्तराखंड में कुदरत अपना कहर बरपा रही है, यहां बादल फटने के बाद 50 से अधिक गांवों में जन जीवन बुरी तरह अस्त व्यस्त हो गया है। राज्य के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने उत्तरकाशी जिले में बादल फटने के कारण प्रभावित हुए क्षेत्रों का दौरा किया। उत्तराखंड सरकार 3 हेलीकाप्टरों का उपयोग कर रही है और प्रभावित गांवों में देहरादून/अरकोट से राहत सामग्री जैसे की पीने का पानी, खाने के पैकेट, कंबल और दवाइयां भेजी जा रही है।
राज्य के आराकोट न्याय पंचायत के गांवों में मारने वालों की संख्या 13 पहुंच गई, जबकि लगभग 15 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। इन गांवों में 50 से 60 लोग चोटिल भी हुए हैं। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आइटीबीपी, वायुसेना, आपदा प्रबंधन विभाग, पुलिस, पीएसी और राजस्व विभाग 300 से ज्यादा सदस्यों की टीमें प्रभावित गांवों में बचाव एवं राहत कार्यों में जुटी हुई हैं। वहीं, देहरादून के मालदेवता इलाके में पिकनिक मनाने गया परिवार के 7 सदस्य वाहन समेत नदी में बह गए। इनमें से 6 को एसडीआरएफ ने बचा लिया, जबकि एक महिला की मौत हो गई।
हिमाचल प्रदेश के मंत्री आरएल मारकंडा काजा से आज शिमला पहुंचे। वे पिछले 3 दिनों से काजा में फंसे हुए थे। उन्होंने कहा कि मैं काज़ा, स्पीति में पिछले 3 दिनों से फंसा हुआ था क्योंकि, बारिश के कारण सड़कें बंद थीं। 127 लोग भी बर्फबारी के कारण चंद्रताल में अटक गए थे जिन्हें बचाया गया है।
दिल्ली में यमुना नदी का जल स्तर खतरे के निशान 205.33 मीटर से बढ़कर 205.94 मीटर पर पहुंच गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान है कि इस सप्ताह के अंत में हल्की बारिश की संभावना है। पुराना लोहा पुल को पैदल यात्रियों और वाहनों के आवागमन के लिए बंद कर दिया गया है।
मध्यप्रदेश के केरवा डैम के फाटकों के खुलने के बाद जल स्तर बढ़ने से नगर निगम और फायर ब्रिगेड की एक टीम द्वारा 2 मछुआरों को बचाया गया। 21 अगस्त को मध्य प्रदेश और विदर्भ के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होगी, जबकि छत्तीसगढ़ में बारिश कम होगी। पूर्वी राजस्थान में भी इस दौरान कुछ बारिश हो सकती है। 22 अगस्त को, उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश, तटीय कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु और रायलसीमा के अलग-अलग हिस्सों में बारिश देखी जाएगी 24 अगस्त को भी ऐसा ही मौसम बना रहेगा। 25 अगस्त को तटीय कर्नाटक और केरल में बारिश नहीं होगी। दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और आंतरिक तमिलनाडु के अलग-अलग हिस्सों में हल्की बारिश देखी जा सकती है।
हिमाचल प्रदेश में भी भारी बारिश के बाद ऊना जिले के कुछ हिस्सों में बाढ़ आ गई है। वहीं पिछले 24 घंटे से कुल्लू जिले में बर्फबारी जारी है। हिमाचल प्रदेश में पिछले 2 दिनों में यहां भारी बारिश हुई है। यहां बाढ़ के कारण 22 लोगों की मौत हो गई है। राज्यों को 574 करो़ड़ रुपए का नुकसान हुआ है।

Share to...