April 18, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

नरेश गोयल के दिल्ली और मुंबई में 12 स्थानों पर ईडी की छापे मार कार्यवाही

विदेशी विनिमय कानून के कथित उल्लंघन के मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने शुक्रवार को जेट एयरवेज के संस्थापक नरेश गोयल के दिल्ली और मुंबई स्थित करीब दर्जनभर परिसरों पर छापे मारकर तलाशी ली। इन परिसरों में नरेश गोयल का मुंबई स्थित आवास भी शामिल है।
अधिकारियों ने बताया कि यह तलाशी विदेशी विनिमय प्रबंधन अधिनियम के प्रावधानों के तहत ली गई और इनका मकसद अतिरिक्त साक्ष्य जुटाना था। फेमा के तहत प्रक्रिया दीवानी होती है। कुछ वित्तीय अनियमितताओं के संबंध में सीरियस फ्रॉड इंवेस्टीगेशन ऑफिस ने भी गुरुवार को नरेश गोयल से मुंबई में पूछताछ की थी।
अधिकारियों ने बताया कि संघीय एजेंसी 2012 में स्थापित जेट प्रिवलेज प्राइवेट लिमिटेड में जेट एयरवेज की साझेदारी की भी जांच कर रही है। जेपीपीएल में जेट एयरवेज की 49.9 फीसद साझेदारी है और यह एतिहाद ग्रुप का हिस्सा है। इसकी स्थापना लॉयल्टी और रिवार्ड्स प्रोग्राम जेपीमाइल्स के प्रबंधन और उसके विकास के लिए की गई थी।
साल 2014 में अंतरराष्ट्रीय एयरलाइन जेट एयरवेज ने विदेश में निवेश किया था। इस दौरान इस निवेश की जांच कर रही जांच एजेंसियों ने बताया है कि साल 2014 में जेट एयरवेज में विदेश में निवेश करने के दौरान प्रत्यक्ष विदेशी निवेश का उल्लंघन किया।
जांच एंजेसी इस इस मामले में जेट एयरवेज के संस्थापक नरेश गोयल से भी पूछताछ कर चुकी है। इस पूरे मामले की जांच एसएफआईओ कर रहा है। इस पूछताछ में 18 हजार करोड़ के कथित वित्तीय निवेश को लेकर पूछताछ की गई।
जेट एयरवेज फिलहाल ठप हो गया है। इस कंपनी पर काफी कर्जा है। इसके बाद ये कंपनी नकदी संकट से जूझ रही है। इस संदर्भ में इस एयरलाइन को बंद भी कर दिया गया था।

Share to...