April 18, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

धारा 370 : पाक सेना प्रमुख की धमकी, हम किसी भी हद तक जा सकते हैं

जम्मू-कश्मीर का विशेष राज्य का दर्जा खत्म करने के मोदी सरकार के फैसले के बाद पाकिस्तान के राजनीतिक खेमे से लेकर सैन्य मोर्चे तक खलबली मची हुई है। पाकिस्तान के राष्ट्रपति आरिफ अल्वी ने मंगलवार को कश्मीर में बदलते घटनाक्रमों को लेकर संसद का संयुक्त सत्र बुलाया तो दूसरी तरफ पाकिस्तान के सेना प्रमुख कमर जावेद बाजवा ने भी इसी मुद्दे पर कॉर्प्स कमांडरों की बैठक की। मंगलवार को कॉर्प्स कमांडरों की बैठक खत्म होने के बाद पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल आसिफ गफूर ने ट्वीट किया कि कश्मीर मुद्दे पर भारत की कार्यवाही को खारिज करने के सरकार के फैसले का सेना पूरी तरह से समर्थन करती है। दशकों पहले अनुच्छेद-370 और 35-ए के जरिए जम्मू-कश्मीर के अधिग्रहण को कानूनी बनाने की भारतीय कोशिशों को पाकिस्तान ने कभी मान्यता नहीं दी, अब भारत ने खुद ही इन्हें हटा दिया है।
उन्होंने सेना प्रमुख कमर बाजवा के हवाले से लिखा कि पाकिस्तानी आर्मी कश्मीरियों के संघर्ष में अंत तक उनके साथ खड़ी रहेगी। हम पूरी तरह से तैयार हैं और इस संबंध में हम अपनी प्रतिबद्धताएं पूरी करने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं। इमरान खान की सरकार के मंत्री फवाद चौधरी ने भी जंग की धमकी दी है। उन्होंने कहा कि भारत, पाकिस्तान को फिलिस्तीन बनाने की कोशिश कर रहा है। संसद में बेकार के मसलों पर उलझने के बजाय हमें भारत का जवाब खून, आंसू और पसीने से देना होगा। हमें जंग के लिए तैयार रहना होगा।

Share to...