भारत और श्रीलंका के बीच खेली जा रही तीन टी20 मैचों की सीरीज के दूसरे मुक़ाबले में श्रीलंका ने भारतीय टीम को 16 रनों से हरा दिया इस जीत के साथ ही उसने तीन मैचों की टी20 सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली। सीरीज का तीसरा व निर्णायक मुक़ाबला 7 जनवरी को राजकोट में खेला जाएगा।
भारतीय टीम को जीत के लिए 207 रनों का टारगेट मिला था, लेकिन वह 8 विकेट पर 190 रन ही बना सकी और 16 रनों से मैच गवा बैठी।
दूसरे टी20 मुकाबले में टीम इंडिया ने टॉस जीतकर श्रीलंका को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंकाई टीम ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 206 रन बना डाले। श्रीलंकाई टीम को कुसल मेंडिस और पथुम निसंका ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 8.2 ओवर में 80 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। मेंडिस ने 31 गेंद में चार छक्कों और तीन चौकों की मदद से 52 रन बनाएं वही पथुम निसंका ने 33 रनों की पारी खेली। चरित असलंका ने 19 गेंद में 37 रन बनाएं तो वही श्रीलंकाई पारी का असली हीरो कप्तान दासुन शनाका रहे जिन्होंने मात्र 22 गेंदों में 6 छक्कों और दो चौकों की मदद से नाबाद 56 रन की पारी खेली। भारत की और से उमरान मलिक ने 48 रन देकर 3 विकेट लिए वही अक्षर पटेल ने 24 रन देकर 2 विकेट लिए। टीम इंडिया के लिए शिवम मावी और अर्शदीप सिंह महंगे साबित हुए। शिवम मावी ने 4 ओवर में 53 रन और अर्शदीप ने दो ओवर में 37 रन दिए।
207 रन के टारेगट का पीछा करते हुए टीम इंडिया ने 57 रनों पर ही पांच विकेट खो दिए थे। सबसे पहले पारी के दूसरे ओवर में ईशान किशन (2) और शुभमन गिल (5) चलते बने। दोनों को ही तेज गेंदबाज कासुन रजिथा ने आउट किया। इसके बाद दिलशान मदुशंका ने डेब्यू कर रहे राहुल त्रिपाठी (5) को आउट किया। इसके बाद कप्तान हार्दिक पंड्या और दीपक हुड्डा से बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन दोनों ही नाकाम रहे। 12 रन बनाने वाले हार्दिक को चामिका करुणारत्ने ने पवेलियन भेजा वहीं दीपक हुड्डा 9 रन बनाकर वानिंदु हसारंगा का शिकर बने।
पांच विकेट गिरने के बाद अक्षर पटेल और सूर्यकुमार यादव ने एकदम से मैच को बदलकर रख दिया। दोनों ही खिलाड़ियों ने समझदारी व ताबड़तोड़ पारी खेलते हुए बड़ी साझेदारी की। अक्षर पटेल ने 31 गेंदों पर 65 रन बनाए जिसमें छह छक्के और तीन चौके शामिल रहे वहीं सूर्यकुमार यादव ने तीन छ्क्के एवं तीन चौके की मदद से 36 गेंदों पर 51 रनों की पारी खेली। सूर्या और अक्षर के बीच छठे विकेट के लिए 40 गेंदों पर 91 रनों की साझेदारी हुई।
जब सूर्या जब आउट हुए तो भारत को 25 गेंदों पर 59 रन बनाने थे। ऐसे में सारा दारोमदार अक्षर पटेल और शिवम मावी पर था। अपना दूसरा मैच खेल रहे शिवम मावी ने दो छ्क्के और दो चौकों की मदद से 26 रन बनाकर मैच को और रोमांचक बनाने की कोशिश की। आखिरी ओवर में भारत को 21 रन बनाने थे लेकिन कप्तान दासुन शनाका ने दूसरी बॉल पर अक्षर को आउट करके उम्मीदें तोड़ दी शनाका ने इसके बाद अंतिम गेंद पर मावी को आउट कर मैच को समाप्त कर दिया। टीम इंडिया 20 ओवर में 190 रन ही बना सकी और श्री लंका ने मैच 16 रनों से जीतकर सीरीज को 1-1 से बराबर कर दिया।
अब सीरीज का तीसरा और निर्णायक मैच राजकोट में 7 जनवरी को खेला जाएगा।

More Stories
सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय कार्यपरिषद सदस्य डॉ. कुशवाह ने जन्मदिवस के अवसर पर सबसे पहले स्व गणना पोर्टल पर स्व गणना की
किसानों को गेहूँ विक्रय के लिये 30 अप्रैल तक स्लॉट बुकिंग की सुविधा : मंत्री राजपूत
CrPI सिस्टम/MCU के प्रभावी संचालन हेतु राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित