स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि कोरोना की तीसरी लहर के दौरान देश में तेजी से नए मामले मिले हैं। देश में 14 दिन में ही पॉजिटिविटी रेट 11 गुना बढ़ गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा कि 30 दिसंबर को देश में 1.1 प्रतिशत पॉजिटिविटी रेट था, जो 12 जनवरी को 11.05 प्रतिशत हो गया है। देश में अब एक्टिव केसों की संख्या 9,55,319 हो गई है।
हालांकि तेजी से नए मामले बढ़ने का यह ट्रेंड भारत में ही नहीं बल्कि ग्लोबल लेवल पर भी है। दुनिया के 159 देशों में तेजी से नए केस बढ़े हैं, जिनमें यूरोप के 8 देशों में महज 2 सप्ताह में ही दोगुने नए मामले सामने आए हैं। साथ ही अग्रवाल ने यह भी कहा कि कोरोना के ओमिक्रॉन वैरिएंट से दुनिया में 115 मौतें हुई हैं और भारत में इस वैरिएंट से एक व्यक्ति की जान गई।
अच्छी खबर ये भी है कि अब तक सामने आए डेटा के अनुसार ओमिक्रॉन वैरिएंट तेजी से खतरनाक डेल्टा वैरिएंट की जगह ले रहा है। साथ ही डेल्टा से संक्रमित होने वालों के मुकाबले ओमिक्रॉन पॉजिटिव लोगों का हॉस्पिटलाइजेशन रेट बेहद कम रहा है।
अग्रवाल ने कहा कि तीसरी लहर में 8 राज्य परेशानी का सबब बने हुए हैं, जहां कोविड पॉजिटिविटी रेट हाई है। ये राज्य महाराष्ट्र, बंगाल, दिल्ली, तमिलनाडु, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, केरल और गुजरात हैं। इनमें सबसे ज्यादा 32.18 प्रतिशत पॉजिटिविटी रेट बंगाल में है। इसके बाद दिल्ली में 23.1 प्रतिशत और महाराष्ट्र में ये दर 22.39 प्रतिशत है। चुनावी राज्य उत्तर प्रदेश में 5.71 प्रतिशत पॉजिटिविटी रेट है। देश के करीब 300 जिलों में वीकली पॉजिटिविटी रेट 5 प्रतिशत से ज्यादा है।

More Stories
सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय कार्यपरिषद सदस्य डॉ. कुशवाह ने जन्मदिवस के अवसर पर सबसे पहले स्व गणना पोर्टल पर स्व गणना की
किसानों को गेहूँ विक्रय के लिये 30 अप्रैल तक स्लॉट बुकिंग की सुविधा : मंत्री राजपूत
CrPI सिस्टम/MCU के प्रभावी संचालन हेतु राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित