जम्मू-कश्मीर में आतंक के खिलाफ सुरक्षाबलों का एक्शन जारी है। सुरक्षाबलों ने पिछले करीब 24 घंटों में 3 अलग-अलग मुठभेड़ों में 4 आतंकियों को मार गिराया। जम्मू-कश्मीर पुलिस के अनुसार शोपियां जिले में सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को ढेर कर दिया। मुठभेड़ शोपियां के बदीमर्ग-अलौरा इलाके के बगानों में हुई।
मारे गए आतंकी की पहचान कुलगाम के रहने वाले नदीम अहमद के रूप में हुई है। पुलिस ने कहा कि नदीम हिज्बुल मुजाहिद्दीन से जुड़ा था और कई आतंकी वारदातों में शामिल रह चुका है। नदीम कुपवाड़ा में पंच की हत्या में भी शामिल रह चुका है। इससे पहले दिन में कुपवाड़ा जिले में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा के 2 आतंकवादी मारे गए, जिनमें से एक का संबंध पाकिस्तान से था। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि कुपवाड़ा के चकतारस कंडी इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया।
उन्होंने कहा कि आतंकवादियों ने जवाबी कार्यवाही करने वाले सुरक्षाकर्मियों पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक विजय कुमार ने ट्वीट किया एक पाकिस्तानी आतंकवादी तुफैल सहित प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के 2 आतंकवादी मारे गए।
इससे पहले सोमवार को बारामूला जिले में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा का एक पाकिस्तानी आतंकवादी मारा गया, जबकि 3 आतंकवादी मौके से भाग गए। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सोपोर के जालूर इलाके के पानीपुरा जंगल में आतंकवादियों की मौजूदगी के बारे में विशेष सूचना पर कार्यवाही करते हुए सुरक्षा बलों ने वहां घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया था।
उन्होंने कहा कि वहां छिपे हुए आतंकवादियों ने सुरक्षाकर्मियों पर गोलीबारी की जिसके बाद तलाशी अभियान मुठभेड़ में बदल गया और जवाबी कार्यवाही की गई। कश्मीर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक विजय कुमार ने कहा कि मुठभेड़ में एक पाकिस्तानी आतंकवादी मारा गया।

More Stories
पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता सुमित अंतिल ने द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता कोच पर लगाया उत्पीड़न का आरोप, नीरज चोपड़ा ने भी किया समर्थन
आबकारी इंदौर की अवैध मदिरा परिवहन पर प्रभावी कार्रवाई, 55 हजार रुपये से अधिक कीमत की मदिरा और वाहन जप्त
अक्षय तृतीया पर बाल विवाह रोकने राज्य सरकार ने उठाये कदम, विशेषज्ञों ने संबद्ध अधिकारियों को दिया ऑनलाइन प्रशिक्षण