April 18, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

जजों के विवाद से होगी मुलाकात, बार काउंसिल ने बनाई 7 सदस्यीय कमेटी

सुप्रीम कोर्ट को लेकर विवाद ने राजनैतिक रंग ले लिया है। हालांकि बार काउंसिल ने अपनी तरफ से इसे जल्द खत्म करने की तैयारी कर ली है। शनिवार शाम हुई बार काउंसिल की बैठक में नाराज जजों के मुद्दों को सुलझाने के लिए 7 सदस्यों की कमिटी का गठन किया गया है। इस कमेटी के सदस्य सभी जजों से बारी-बारी मिलकर हल निकालने की कोशिश करेंगे।
इस विवाद पर बार काउंसिल के सभी सदस्यों ने शनिवार शाम को बैठक की। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि न्याय प्रणाली को किसी भी तरीके से आघात नहीं पहुंचने दिया जाएगा। बार काउंसिल ने इस मामले में सुप्रीम कोर्ट के सभी जजों से सहयोग की अपील की है। बार काउंसिल ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के आधे जजों से मिलने का वक्त मिल गया है। इस विवाद को पूरी तरह से जल्द सुलझाने की कोशिश हो रही है। साथ ही बार काउंसिल ने नेताओं को इस मामले में राजनीति करने से बचने की सलाह भी दी। साथ ही बार काउंसिल की बैठक में केंद्र सरकार के उस फैसले की तारीफ भी की गई, जिसमें सरकार ने इस मामले में दखल न देने की बात कही थी। बार काउंसिल ऑफ इंडिया के चेयरमैन मनन कुमार मिश्रा ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के जजों के बीच हुए इस विवाद को निपटाने की वे पूरी कोशिश करेंगे। वहीं बताया जा रहा है कि चीफ जस्टिस दीपक मिश्रा रविवार शाम चारों जजों से मुलाकात कर सकते हैं।

Share to...