प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी 3 देशों की यात्रा के पहले पड़ाव जर्मनी में हैं। इस दौरान उन्होंने सोमवार को जर्मन चांसलर ओलाफ शोल्ज से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद संयुक्त प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि साल 2022 के अपने पहले दौरे पर जर्मनी आकर काफी खुशी महसूस हुई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बर्लिन में कहा कि भारत और जर्मनी के बीच मजबूत संबंध हैं। उन्होंने दुनिया के सामने मौजूदा चुनौतियों का जिक्र करते हुए कहा कि हमने रूस और यूक्रेन से जंग रोकने को कहा था क्योंकि भारत हमेशा से शांति का पक्षधर रहा है। हमारा मानना है कि इस जंग में कोई विजयी नहीं होगा बल्कि सभी को नुकसान होगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि युद्ध से दुनिया के देशों को नुकसान पहुंचा है, इसकी वजह से तेल महंगा हो गया और फर्टिलाइजर की कमी होने लगी है। विश्व में खाद्यान संकट पैदा हो रहा है और विश्व के हर परिवार पर इसका असर पड़ रहा है। साथ ही विकासशील और गरीब देशों पर जंग का ज्यादा असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि हमने यूक्रेन को मानवीय सहायता भेजी है और अन्य तरीकों से भी मदद कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कोरोना के बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही है। पीएम मोदी ने कहा कि कोरोना ने पूरी दुनिया को नुकसान पहुंचाया है और आज के वक्त में भारत की भूमिका काफी अहम हो गई है।
