November 20, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

चुनाव आयोग ने हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव की घोषणा की, इन तारीखों को होंगे चुनाव ओर नतीजो की घोषणा

चुनाव आयोग ने आज शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तारीख का ऐलान कर दिया है।चीफ इलेक्शन कमिश्नर राजीव कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि प्रदेश में एक फेज में चुनाव होगा। यहां 12 नवंबर को वोटिंग होगी, वहीं 8 दिसंबर को नतीजों का ऐलान होगा। उन्होंने बताया कि 17 अक्टूबर को अधिसूचना जारी होगी। इसके बाद 25 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। 27 अक्टूबर को पर्चों की जांच होगी। वहीं 29 अक्टूबर तक प्रत्याशी अपना नाम वापस ले सकेंगे।

आयोग ने बताया कि प्रदेश में करीब 55 लाख वोटर हैं, इनमें 27 लाख 80 हजार पुरुष और 27 लाख 27 हजार महिलाएं हैं. इसके अलावा इन वोटरों में सेवा कर्मियों की संख्या 67 हजार 532, PWD की संख्या 56,001 है। वहीं 80 साल से ज्यादा उम्र के 1.22 लाख मतदाता हैं। इसके साथ ही 1184 मतदाता ऐसे हैं, जिनकी उम्र 100 साल से ज्यादा है।

सीईसी ने लोगों से अपील की कि फेक न्यूज और अफवाहों पर ध्यान न दें। इसके अलावा उन्होंने कहा कि कोविड प्रोटोकॉल के तहत चुनाव होगा। चुनाव के दौरान सीमाएं सील होंगी।

आयोग ने बताया कि लोग अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकें इसके लिए पिक एंड ड्रॉप की सुविधा दी जाएगी।हालांकि यह सुविधा विशेष लोगों के लिए परिस्थितियों में ही मिलेगी।

आयोग ने बताया कि 80 साल से ज्यादा उम्र के लोग, कोरोना संक्रमित या दिव्यांग, जो वोट देना चाहते हैं लेकिन पोलिंग बूथ तक नहीं आ सकते हैं, आयोग ऐसे वोटरों के घर जाकर उन्हें मतदान करने की सुविधा देगा। इस दौरान वोटिंग की विडियोग्राफी भी की जाएगी।

चुनाव आयोग ने बताया कि उम्मीदवार ऑनलाइन नामांकन भी कर सकेंगे। आयोग ने बताया कि राजनीतिक दल हमारी वेबसाइट https://suvidha.eci.gov.in पर जाकर ऑनलाइन नामांकन कर सकेंगे।इसके अलावा इस सुविधा पोर्टल के माध्यम से रैलियों, बैठकों आदि की भी अनुमति ले सकेंगे।

विदित हो कि हिमाचल प्रदेश विधानसभा का कार्यकाल 8 जनवरी 2023 को खत्म हो रहा है। इससे पहले प्रदेश में 68 सीटों के लिए 2017 में 9 नवंबर को वोटिंग हुई थी। बीजेपी ने 68 में से 44 सीटों पर जीत दर्ज की थी. जबकि, कांग्रेस ने 21 सीटें हासिल की थी।

इस बार भी बीजेपी और कांग्रेस में सत्ता को लेकर घमासान जारी हैं और दोनों ही दल पूरी क्षमता से जोर लगा रहे हैं और जनता को अपने पक्ष में आकर्षित कर रहे हैं। और सत्ता के लिए पूरा जोर लगा रहे हैं।

Share to...