पुणे के भारती विद्यापीठ मेडिकल कॉलेज में गुरुवार को ब्रिटेन की ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी द्वारा विकसित कोरोना वैक्सीन का डोज तीन और वॉलंटियर्स को दिया गया। एक वरिष्ठ डॉक्टर ने इसकी जानकारी दी है। इस वैक्सीन का फेज .2 क्लीनिकल ट्रायल बुधवार को शुरू हुआ। इस दौरान 2 लोगों को वैक्सीन का डोज दिया गया। स्थानीय सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया द्वारा इस वैक्सीन का कोविशील्ड के नाम से निर्माण किया जाएगा।
मेडिकल कॉलेज में अनुसंधान सेल की प्रभारी डॉ सुनीता पालकर का कहना है कि गुरुवार को दोपहर में जिन 3 लोगों को इसका डोज दिया गया, उनमें 2 महिला और एक पुरुष शामिल हैं। उनका पहले आरटी-पीसीआर और एंटीबॉडी टेस्ट किया गया था। इसके अलावा 5 और लोगों की स्क्रीनिंग की गई है, जिनमें से 4 की रिपोर्ट नेगेटिव आई है और एक की एंटिबॉडी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। आगे इन 4 लोगों को वैक्सीन का डोज दिया जाएगा।
बुधवार को जिन 2 लोगों को वैक्सीन का डोज दिया गया, उनमें अभी तक कोई साइड इफेक्ट नहीं दिखाई दे रहा है। कल से डाक्टरों का दल दोनों लोगों के संपर्क में है और वे दोनों ठीक हैं। टीका लगने के बाद उन्हें दर्द, बुखार, इंजेक्शन का कोई दुष्प्रभाव या और कोई तकलीफ नहीं है। टीका लगाने के बाद दोनों पर आधे घंटे तक नजर रखी गई, उसके बाद ही उन्हें घर जाने दिया गया। उन्हें आपात स्थिति में संपर्क करने के लिए सभी आवश्यक नंबर दिए गए। मेडिकल टीम भी उनके साथ लगातार संपर्क बनाए हुए है। दोनों को एक महीने के बाद टीके की एक और खुराक दी जाएगी। अगले सात दिन में 25 लोगों को वैक्सीन का डोज दिया जाएगा।

More Stories
सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय कार्यपरिषद सदस्य डॉ. कुशवाह ने जन्मदिवस के अवसर पर सबसे पहले स्व गणना पोर्टल पर स्व गणना की
किसानों को गेहूँ विक्रय के लिये 30 अप्रैल तक स्लॉट बुकिंग की सुविधा : मंत्री राजपूत
CrPI सिस्टम/MCU के प्रभावी संचालन हेतु राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित