April 18, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

कोरोना वायरस : लद्दाख में निगरानी में कई गांव, एक जवान की रिपोर्ट आई पॉजिटिव

कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के एक पूरे क्षेत्र को ही पृथक कर दिया गया है। जिला प्रशासन के निर्देश पर करगिल सांकू क्षेत्र और आसपास के गांवों को अलग निगरानी में रखा जा रहा है। इस क्षेत्र में एक पॉजिटिव केस सामने आने के बाद एहतियात के तौर पर ये कदम उठाया गया है।

क्षेत्र में COVID-19 के कई संदिग्धों की होने की आशंका के चलते उनके सेम्पल टेस्ट के लिए भेजे गए हैं। लद्दाख में अब तक 8 पॉजिटिव केस सामने आ चुके हैं। कारगिल के जिला अधिकारी की ओर से जारी आधिकारिक आदेश में कहा गया है कि क्षेत्र को पृथक निगरानी में रखने का फैसला कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने, रोगियों की संख्या और मृत्यु दर कम रखने के मकसद से लिया गया।

गौरतलब है कि लद्दाख में COVID-19 पॉजिटिव केस बीते कुछ दिन में बढ़े हैं। लेह में भारतीय सेना का एक जवान भी पॉजिटिव पाया गया है। लद्दाख केंद्र शासित प्रदेश सरकार के सचिव रिजगिन सैम्फेल ने बताया कि सेना का एक जवान पॉजिटिव पाया गया। उसके पिता हाल में ईरान से लौटे थे और उनका सेम्पल पॉजिटिव निकला। शुक्र है कि ये जवान छुट्टी पर था और लद्दाख स्काउट्स के किसी और जवान के संपर्क में नहीं आया।

Share to...