April 18, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

किसान के बेटे ने की खुदकुशी, पोस्टमार्टम के लिए खाट पर ले गए शव

टीकमगढ़। बुंदेलखंड में किसान द्वारा आत्महत्या करने के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले में एक किसान के बेटे धनीराम कुशवाहा ने रोजगार के अभाव में पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली। इतना ही नहीं वाहन का इंतजाम नहीं होने की वजह से शव को पोस्टमार्टम के लिए खाट पर ले जाया गया। पृथ्वीपुर थाने के बरगोला खिरक निवासी धनीराम के पिता मिटठू कुशवाहा ने बताया कि उनकी डेढ़ एकड़ जमीन है, जिसमें सूखे के कारण खेती नहीं हो पाई। बेरोजगार होने की वजह से धनीराम काफी परेशान था। वह दिल्ली जाने को कह रहा था। जब उसके लिए जीवन जीने का कोई रास्ता नहीं बचा तो उसने यह कदम उठा लिया।
ग्रामीणों के अनुसार पेड़ से लटककर आत्महत्या करने के बाद धनीराम के शव को पोस्टमार्टम के लिए पृथ्वीपुर ले जाना था, लेकिन वाहन का इंतजाम न होने पर उसके शव को खाट पर ही ले जाने का फैसला किया गया। शव को खाट पर रखकर लगभग 2 किलोमीटर दूर स्वास्थ्य केंद्र तक ले जाया गया। पुलिस के अनुसारए आत्महत्या करने वाला किसान नहीं था, बल्कि किसान का बेटा था, उसने आत्महत्या क्यों की इसका खुलासा नहीं हो पाया है, पुलिस जांच कर रही है।
वहीं दूसरी तरफ विकासखंड चिकित्सा अधिकारी का कहना है कि आत्महत्या करने वाले व्यक्ति के परिजनों ने वाहन के लिए कोई सूचना नहीं दी। वाहन भेजने के नियम हैं, गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाले परिवार को निःशुल्क वाहन भेजने का प्रावधान है।

Share to...