April 18, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

कटनी महापौर,पार्षदगण,निवाड़ी जिला पंचायत अध्यक्ष व सदस्य भाजपा में शामिल, सीएम व प्रदेश अध्यक्ष ने किया स्वागत

भोपाल: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा एवं मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की उपस्थिति में कटनी महापौर प्रीति सूरी, पार्षदगण सुमन माखीजा, डॉ. रमेश सोनी, खुशबु सोनी और निवाडी जिला पंचायत अध्यक्ष सरोज राय व सदस्य अमित राय भी भाजपा में शामिल हुए। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री ने सभी महापौर, पार्षद एवं जिला पंचायत सदस्य का पार्टी का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद, प्रदेश शासन के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, विजयराघौगढ़ विधायक संजय पाठक, प्रदेश कार्यालय मंत्री डॉ. राघवेन्द्र शर्मा उपस्थित थे।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद  विष्णुदत्त शर्मा ने कटनी महापौर प्रीति सूरी और पार्षदगणों सहित निवाड़ी जिला पंचायत सदस्य श अमित राय का भारतीय जनता पार्टी में स्वागत करते हुए उनका मुंह मीठा कराया। प्रदेश अध्यक्ष  शर्मा ने कहा कि प्रीति सूरी ने सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में शहर के विकास में जो महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है उसी छवि के साथ वे महापौर के रूप में काम कर रही है। उन्होंने भले ही निर्दलीय चुनाव लडा परंतु हमेशा उनका मन भारतीय जनता पार्टी में ही रहा। जब वे चुनाव में जीती थी तब भी इन्होंने कहा था कि वे काम और विचार के साथ भाजपा की रही है। शर्मा ने कहा कि आज  प्रीति सूरी भाजपा की सदस्यता ले रही है। उनके साथ ही तीनों पार्षदगण और निवाडी जिला पंचायत अध्यक्ष सरोज राय एवं जिला पंचायत सदस्य अमित राय का भी भाजपा में स्वागत है। 

शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में विकास को लेकर प्रतिबद्ध है। कटनी मिनी स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित होगी, साथ ही बड़े व्यापारिक केन्द्र के रूप में उभरे, हम लगातार इस दिशा में आगे बढ रहे है। उन्होंने कहा कि कटनी महापौर, पार्षदगणों और मुख्यमंत्री के साथ मिलकर कटनी को नई उंचाईयों तक ले जायेंगे।

मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने भाजपा में शामिल हुए महापौर, पार्षदगण, निवाडी जिला पंचायत अध्यक्ष एवं सदस्य का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि कटनी महापौर बहन प्रीति सूरी राजनैतिक कार्यकर्ता के साथ सामाजिक कार्यकर्ता भी है। उनका पूरा परिवार कई सामाजिक कार्यक्रमों में सहभागिता करता रहा है। उनके मन में विकास तडप है और भारतीय जनता पार्टी की सरकार विकास का पर्याय है। शहर के बेहतर विकास के लिए और वे भारतीय जनता पार्टी के अपने परिवार में पुनः आ रही है, मैं उनका स्वागत करता हूं। साथ ही पार्षदगण  सुमन माखीजा, डॉ. रमेश सोनी,खुशबु सोनी और निवाडी जिला पंचायत अध्यक्ष सरोज राय व सदस्य अमित राय का भी स्वागत करता हूं। चौहान ने कहा कि विकास की लहर गांव-गांव, शहर-शहर पहुंच रही है। जनकल्याण के काम भाजपा की सरकार कर रही है। प्रदेश नई उंचाईयों पर पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने जनकल्याण के कार्यक्रम शुरू किए है उन्हें संगठन और जनप्रतिनिधि मिलकर क्रियान्वित करने का काम करते हैं। हम सबका संकल्प मध्यप्रदेश को आगे बढाना है। उन्होंने कहा कि 2023 में भाजपा की सरकार रिकार्ड सीटों से बनें इसमें आप सभी की सहभागिता होगी। 

कटनी महापौर प्रीति सूरी ने कहा कि कटनी नगर का विकास मेरी प्राथमिकता है। प्रदेश अध्यक्ष  विष्णुदत्त शर्मा, मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान सहित पार्टी नेताओं के नेतृत्व में हम मिलकर कटनी नगर का समग्र विकास करेंगे।
Share to...