April 18, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

आरे में रोका गया मेट्रो शेड का काम: सीएम उद्धव ठाकरे

कार्यभार संभालने के बाद शुक्रवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने विभिन्न मंत्रालयों के सचिवों के साथ बैठक की। अफसरों के साथ मीटिंग में उन्होंने कहा कि पब्लिक का पैसा बेवजह बर्बाद न करें और इसे लेकर सतर्क रहें।
अफसरों के साथ मीटिंग खत्म होने के बाद उद्धव ठाकरे प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडिया से रूबरू हुए। उन्होंने कहा कि मुझे आज आपसे बात करके काफी खुशी हो रही है, हमारा रिश्ता काफी लंबा रहा है, जब शिवसेना के प्रमुख बाला साहेब ठाकरे हुआ करते थे। मैं समझता हूं कि मैं ऐसा सीएम हूं जिसकी किसी को उम्मीद नहीं थी, मेरे परिवार में ज्यादा किसी ने सीधे तौर पर सरकार नहीं चलाई। मैं अपने पूरे जीवन में केवल 2-3 बार मंत्रालय गया हूं।
उद्धव ठाकरे ने कहा कि इतने सालों में भी महाराष्ट्र के हालात जस के तस हैं। मेरे दादाजी कहते थे कि जब कोई पत्रकार किसी की आलोचना करता है तो संबंधित व्यक्ति को भी उन चीजों के बारे में सोचना चाहिए। किसी ने अभी तक यह नहीं सवाल किया कि जो वादे पिछली सरकार ने किए थे क्या वे पूरे हुए? आपको भी सजग रहना होगा।
मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि मुंबई के आरे में मेट्रो शेड का काम रोक दिया गया है। हालांकि मेट्रो लाइन काम जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि मैंने आरे मेट्रो कार शेड प्रॉजेक्ट का काम रोकने के आदेश दिए हैं। मेट्रो का काम बंद नहीं होगा, लेकिन आरे की एक पत्ती भी अब नहीं कटेगी। उद्धव ठाकरे ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री का पद संभालना मेरे लिए भी चुनौतीपूर्ण होगा, मुझे आपके सहयोग की अपेक्षा है।

Share to...