April 18, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

अब CAA के समर्थन में सड़कों पर उतरे लाखों लोग

नागपुर। बीते कुछ दिनों से जारी नागरिकता संशोधन अधिनियम विरोध में प्रदर्शन के बाद अब लोग इसके समर्थन में भी जुटने लगे है। रिपोर्ट्स के अनुसार सीएए के समर्थन में नागपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के समर्थक संगठनों के लोग भारी मात्रा सड़कों पर उतर आए हैं।

आरएसएस के नागपुर महानगर संघचालक राजेश लोया के नेतृत्व में यशवंत स्टेडियम में शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया जा रहा है। वहीं, मुंबई और बेंगलुरु में भी सीएए के समर्थन में लोगों की भारी भीड़ जुटी है और लोग शांतिपूर्ण प्रदर्शन में हिस्सा ले रहे हैं।

सीएए का समर्थन बीजेपी, आरएसएस और लोक अधिकार मंच समेत कई और संगठन भी कर रहे हैं। आपको बता दें कि सीएए के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान देश के विभिन्न हिस्सों में हिंसा की खबरें आई है जिनमें कई लोगों की जान गई है।

उत्तर प्रदेश में शनिवार को और हिंसा हुई तथा कानपुर एवं रामपुर में भीड़ ने आगजनी की और पुलिस के साथ उनकी झड़प हुई, फलस्वरूप एक व्यक्ति की मौत हो गयी। बिहार में विपक्षी राष्ट्रीय जनता दल के बंद के दौरान बड़े पैमाने पर तोड़फोड़ हुयी तथा रेल एवं सड़क यातायात बाधित हुआ। उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में गुरुवार से हिंसा में अब तक कम से कम 16 लोग मारे जा चुके हैं।

असम और पश्चिम बंगाल में स्थिति शांतिपूर्ण रही जबकि मेघालय में इंटरनेट सेवाएं बहाल कर दी गयी। असम में प्रदर्शनकारियों ने संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ रैलियां निकालीं। बिहार में राजद के बंद के दौरान सभी जिलों में उसके समर्थक हाथों में लाठियां और पार्टी के झंडे लेकर बस स्टैंडों, रेलवे मार्गों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर जमा हुए।

वे रेल पटरियों पर बैठ गये और उन्होंने ट्रेनों की आवाजाही में रूकावट पैदा की। भागलपुर, मुजफ्फरपुर और पटना के बाहरी इलाकों में प्रदर्शनकारियों ने बंद के बाद भी सड़कों पर चल रही टैक्सियों और तिपहिया वाहनों के शीशे तोड़ दिए।

Share to...