भाजपा के दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन किया गया, जिसमें बीजेपी के विधायकों की क्लास लगी। भारतीय जनता पार्टी की पहचान पार्टी विथ डिफरेंस की रही है, इस पहचान को बनाए रखने के लिए काम करें। अंत्योदय हमारा लक्ष्य है और सुशासन हमारा मंत्र है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए आप सभी ने दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग में जो कुछ भी सीखा है, उसे अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर जमीन पर उतारें। समाज के अंतिम व्यक्ति तक केंद्र और राज्य सरकारों की योजनाओं का लाभ पहुंच सके, यह सुनिश्चित करें। यह आह्वान दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग के समापन सत्र में वक्ताओं ने पार्टी के विधायकों एवं जनप्रतिनिधियों से किया।
समापन सत्र की अध्यक्षता करते हुए राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि विचार के प्रति प्रतिबद्धता हमारी पहचान है और राम मंदिर निर्माण, धारा 370 हटाने जैसे काम हमारी इसी प्रतिबद्धता के प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखण्डता के लिए बंगाल में भाजपा की सरकार बनाना जरूरी है। 2014 के पूर्व देश में कांग्रेस की सरकार थी, तो जनता निराशा में डूबी हुई थी, लेकिन जब नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री बने तो देश में गरीबों की सरकार बनी। उन्होंने कहा कि अंत्योदय हमारा लक्ष्य है और सुशासन हमारा मंत्र है। 6 साल में मोदी सरकार पर एक भी आरोप नहीं है। चीनी सेना का पीछे हटना महत्वपूर्ण घटना है।
समापन सत्र में प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने कहा कि भाजपा देश के अन्य राजनैतिक दलों से भिन्न पार्टी है। हमारे यहां प्रशिक्षित और विचारवान कार्यकर्ताओं की श्रृंखला है जो सिद्धांतों के आधार पर देश सेवा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विधायक जब भी अपने क्षेत्र में पहुंचे तो वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से संवाद करें ताकि उनके अनुभवों का लाभ मिल सके। इस से पार्टी विथ डिफरेंस की पहचान बनी रहेगी। पार्टी की जितनी ताकत और समर्थन है वह कार्यकर्ताओं के कारण है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के संगठन की देश में अलग पहचान है। इस वर्ग से यह संकल्प लेकर जाएं कि मध्यप्रदेश के संगठन को पूरे देश में रोल मॉडल बनाएंगे। आने वाले समय में अपना जनाधार बढ़ाना हमारा लक्ष्य रहना चाहिए।
समापन सत्र को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि प्रशिक्षण में हमें वरिष्ठजनों का मार्गदर्शन मिला। यहां से हम नए संकल्प के साथ अपने क्षेत्रों में पहुंचेंगे। जो हमने सीखा है उसे अपनाते हुए आनंद और आत्मविश्वास से काम करना है। हमारे शब्दकोष में असंभव शब्द नहीं होना चाहिए। उन्होंने विधायकों से अपील करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं और प्रक्रियाओं का अध्ययन करें और हितग्राहियों को लाभ पहुंचाने में कोर कसर नहीं छोड़ें, हितग्राहियों को पार्टी से जोड़ें।
समापन सत्र को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि हमारा संगठन विशिष्ट कार्यपद्धति पर कार्य करता है और संगठन ही हमारा सबसे बड़ा हथियार है। संगठन से बहुत सारी समस्याओं का समाधान होता है। जिस विचार के कारण जनता हमारा समर्थन करती है, हमें उस विचार को अपने व्यवहार उतारना होगा, अंगीकार करना होगा। उन्होंने कहा कि जनमानस की अपेक्षाओं के अनुसार काम करें। क्षेत्र का विकास कैसे हो सकता है? क्षेत्र की जनता क्या चाहती है? यह जनप्रतिनिधि को हमेशा ध्यान रखने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जनता को विश्वास है कि भाजपा की सरकार बनती है तो गरीबों के उत्थान के काम होते हैं, क्योंकि भाजपा अंत्योदय का दूसरा नाम है। इसलिए सरकार के माध्यम से अपने अंत्योदय के विचार को जमीन पर उतारने का काम करें।

More Stories
आबकारी इंदौर की अवैध मदिरा परिवहन पर प्रभावी कार्रवाई, 55 हजार रुपये से अधिक कीमत की मदिरा और वाहन जप्त
अक्षय तृतीया पर बाल विवाह रोकने राज्य सरकार ने उठाये कदम, विशेषज्ञों ने संबद्ध अधिकारियों को दिया ऑनलाइन प्रशिक्षण
आरटीई के अंतर्गत चयनित स्कूलों में अब 25 अप्रैल तक अभिभावक विद्यार्थियों का करा सकेंगे एडमिशन