श्रावण माह के आखिरी सोमवार को इंदौर के सिमरोल रोड पर बड़ा हादसा हो गया।जहां ओकारेश्वर से कावड़ लेकर बड़गोंदा की ओर जा रहे कावड़ यात्रीयो का जत्था डीजे वाहन के उपर चढ़कर नाच रहे कावड़िये हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए,जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई वहीं चार अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें उपचार हेतु अस्पताल भिजवाया गया।
दरअसल बड़गोंदा से कावड़ यात्रा संघ ओकारेश्वर से नर्मदा का जल लेकर वापस बड़गोंदा की ओर आ रहा था। तभी सिमरोल और महू के बीच स्थित मेंमदी गांव के पास कावड़ यात्रियों के सहयोगियों के रूप में आए कुछ युवक यात्रा के साथ चल रहे डीजे के वाहन के ऊपर चढ़कर नाचने लगे, इसी बीच कुछ युवक ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए जिससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चार अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
इस पूरी घटना का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है जिसमें एक युवक विद्युत लाइन से चिपका हुआ नजर आ रहा है जबकि एक युवक गाड़ी से नीचे गिरते हुए नजर आ रहा है इस घटना के बाद पूरी कावड़ यात्रा में अचानक से भगदड़ मच गई।
घटना में घायल हुए युवकों को उपचार के लिए महू भेजा गया जहां से सभी को इंदौर रैफर किया गया है।
इसी बीच प्रदेश के कैबिनेट मंत्री तुलसीराम सिलावट भी हादसे में घायल हुए युवकों से मिलने निजी अस्पताल में पहुंचे और घायलों की हालत का जायजा लिया।
इस मामले की जानकारी देते हुए एसपी भगवत सिंह विरदे ने बताया कि इस मामले में डीजे संचालक की लापरवाही सामने आई है जिस पर मामला दर्ज किया जा रहा है।
