April 26, 2024

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

अब मदरसों में एनसीईआरटी की किताबें पढ़ाई जाएगी, 10वीं के बाद साइंस मैथ अनिवार्य

लखनऊ। यूपी के मदरसों में अब एनसीईआरटी की किताबें पढ़ाई जाएंगी। उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने सोमवार को ट्वीट किया कि मदरसों में अब एनसीईआरटी की किताबों से पढ़ाई होगी। अब आधुनिक विषय पढ़ाए जाएंगे, ताकि उनमें पढ़ने वाले बच्चे दूसरे स्कूलों के विद्यार्थियों से बराबरी कर सकें। मंत्री के ट्वीट के अनुसार आलिया स्तर पर गणित और साइंस को अनिवार्य किया जाएगा। राज्य मदरसा बोर्ड ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है।
उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद के रजिस्ट्रार राहुल गुप्ता ने बताया कि सिलेबस की समीक्षा की बात चल रही है, हालांकि अभी यह शुरुआती चरण में है। मदरसा बोर्ड सभी कक्षाओं में नए सिलेबस लाने पर विचार कर रहा है। एनसीईआरटी की किताबों से शिक्षा दिलायी जाएगी। उन्होंने बताया कि मौजूदा सिलेबस के 2 भाग होते हैं। एक सिलेबस धर्म से जुड़ा होता है, जो पहले के तरह ही रहेगा। बोर्ड पारम्परिक शिक्षा के सिलेबस को बदलने की तैयारी कर रहा है। इसमें समय की मांग को लेकर सिलेबस में परिवर्तन किया जाएगा। नए सिलेबस में आधुनिक विषयों को भी जोड़ा जाएगा।

Share to...