30 दिन में पूरा करें मनीष पुरी रोड का काम, वरना होगी कार्रवाही : महापौर
धीमे डामरीकरण और घटिया पेचवर्क पर जताई नाराजगी, दीपावली बाद उद्घाटन की तैयारी के निर्देश सफाई व्यवस्था पर भी अधिकारियों को निर्देश
इंदौर। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने शनिवार तड़के मनीष पुरी क्षेत्र का औचक निरीक्षण कर सड़क निर्माण, डामरीकरण, पेचवर्क और सफाई व्यवस्था की स्थिति देखी। मनीष पुरी रोड का काम धीमी गति से चलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को 30 दिन में शेष काम पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि तय समय में काम पूरा नहीं हुआ तो निंदा प्रस्ताव लाया जाएगा। साथ ही दीपावली के बाद सड़क का उद्घाटन करने के लिए तारीख तय कर तैयारी करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य राजेश उदावत, पार्षद पुष्पेंद्र पाटीदार, स्थानीय पार्षद मुद्रा शास्त्री, अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर सहित संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
महापौर ने अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर से मनीष पुरी रोड के शेष निर्माण कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे केवल दफ्तरों में बैठकर समीक्षा करने के बजाय मौके पर मौजूद रहकर काम की निगरानी करें। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। कनेक्टिंग सड़कों पर बनाए जा रहे रैंप भी इस तरह तैयार करने को कहा, जिससे बारिश का पानी जमा न हो और रहवासियों को आवागमन में परेशानी न आए।

शहर में डामरीकरण की धीमी रफ्तार पर महापौर ने असंतोष जताया। उन्होंने कहा कि गड्ढों और खराब सड़कों को प्राथमिकता से दुरुस्त किया जाए। पेचवर्क की गुणवत्ता का निरीक्षण करते हुए उन्होंने खराब काम पर नाराजगी जाहिर की और संबंधित इंजीनियरों व मॉनिटरिंग अधिकारियों को नियमित जांच करने के निर्देश दिए। उनका स्पष्ट संदेश था कि काम सिर्फ पूरा दिखाने के लिए नहीं, बल्कि टिकाऊ और गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय पार्षद ने सफाई व्यवस्था को लेकर अधिकारियों की शिकायत की। उन्होंने बताया कि पुराने दरोगा को हटाकर नए दरोगा की तैनाती किए जाने से क्षेत्रीय व्यवस्था प्रभावित हो रही है। नए कर्मचारी को क्षेत्र और कामकाज समझने में समय लग रहा है। इसके अलावा कुछ कर्मचारियों के समय पर नहीं पहुंचने और संसाधनों की कमी के कारण भी काम में देरी हो रही है।
महापौर ने सफाई व्यवस्था को लेकर प्रखर सिंह से फोन पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के रहवासी नियमित सफाई नहीं होने की लगातार शिकायत कर रहे हैं। यदि मनीष पुरी जैसे क्षेत्र में ही सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है, तो अन्य क्षेत्रों की स्थिति का भी आकलन किया जाना चाहिए। महापौर ने संबंधित सीएसआई और दरोगा पर कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए साथ ही उन्होंने व्यवस्था में तत्काल सुधार और नियमित निगरानी के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने पानी की बर्बादी करने वालों को समझाइश दी और स्थानीय रहवासियों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई। उन्होंने पानी का अनावश्यक उपयोग रोकने और उपलब्ध जल संसाधनों का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने की अपील की।
महापौर ने निगम के उन कर्मचारियों की सराहना भी की, जो चुनौतीपूर्ण काम कम समय में पूरा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ जटिल कार्य निगमकर्मी दो से तीन घंटे में पूरा कर रहे हैं। ऐसे कामों से सीख लेते हुए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को काम में तेजी लानी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों की समय-सीमा, गुणवत्ता और सफाई व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।

More Stories
Rajgarh Water Crisis Update: जल निगम की लापरवाही पर फूटा विधायक का गुस्सा, राजगढ़ में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ हुई तीखी बहस
Gwalior News: ग्वालियर में 70वीं राज्य स्तरीय शालेय बालिका क्रिकेट प्रतियोगिता का विवादों के साथ हुआ आगाज
Indore News Today: मूसाखेड़ी फ्लाईओवर काम के चलते सुबह 6 से रात 11 बजे तक रहेगा डायवर्जन, जानें नया वैकल्पिक रूट