August 25, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

Shahdol Stop Dam Washed Away: शहडोल में 20 लाख की लागत से बना स्टॉप डैम पहली ही बारिश में बहा, गुणवत्ता पर उठे सवाल

मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के जयसिंहनगर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत छूदा के खुडसेड़ा नाला पर बना नया स्टॉप डैम पहली ही बारिश का तेज बहाव नहीं झेल पाया और क्षतिग्रस्त होकर बह गया। इस स्टॉप डैम का निर्माण इसी साल मई माह में लगभग 20 लाख रुपये की लागत से किया गया था, जिसका उद्देश्य आसपास के किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराना और भूजल स्तर को बनाए रखना था। लेकिन निर्माण के कुछ ही महीनों बाद मानसून की पहली तेज बारिश में ही इसके बह जाने से अब इसके निर्माण में बरती गई अनियमितताओं और प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर ग्रामीण कड़े सवाल खड़े कर रहे हैं।

🔍 आरईएस विभाग ने मानी गड़बड़ी, कहा—’ग्राम पंचायत थी निर्माण एजेंसी, अभी तक नहीं हुआ भुगतान’

इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए ग्रामीणो ने बताया कि लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद अगर कोई ढांचा पहली ही बरसात में धराशायी हो जाए तो इसकी उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए। वहीं, आरईएस (RES) के एसडीओ ब्रजेन्द्र सिंह चंदेल ने स्वीकार किया कि इस स्टॉप डैम का निर्माण इसी साल मई में हुआ था और इसकी निर्माण एजेंसी ग्राम पंचायत ही थी। उन्होंने माना कि निर्माण कार्य में निर्धारित तकनीकी मानकों का पूरी तरह पालन नहीं किया गया था, जिसके चलते पंचायत को नोटिस जारी कर दिया गया है। राहत की बात यह है कि इस निर्माण कार्य के एवज में एजेंसी को अभी तक किसी भी तरह का वित्तीय भुगतान नहीं किया गया है।

🌊 बाणसागर बांध का जलस्तर पहुंचा फुल कैपेसिटी के करीब, खोलने पड़े गेट; सोन नदी किनारे अलर्ट जारी

दूसरी ओर, शहडोल स्थित बाणसागर बांध का जलस्तर लगातार तेजी से बढ़ते हुए सोमवार को 340.64 मीटर तक पहुँच गया है, जो इसकी पूर्ण भराव क्षमता 341.64 मीटर से महज 1 मीटर ही कम है। लगातार हो रही पानी की आवक को देखते हुए जल संसाधन विभाग ने रात में बांध के 3 रेडियल गेट 0.50 मीटर तक खोलकर सोन नदी में पानी छोड़ना शुरू कर दिया है। सीधी जिला प्रशासन ने सोन नदी के किनारे बसे शिकारगंज, बाघड़, सजहा और खैरी सहित करीब 25 गांवों में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। मंगलवार सुबह तक सोन नदी का पानी शिकारगंज गांव तक पहुँच चुका है, जिसके चलते प्रशासन ने लोगों से नदी के पास न जाने और सेल्फी या वीडियो बनाने से सख्त बचने की अपील की है।

Share to...