तुलसी साहित्य मणि माला है, इसे अवश्य आत्मसात करें युवा- प्रो मिश्र
श्रीराम के प्रति प्रेम-रस में मग्न करने का तुलसी का संदेश बहुअर्थी है – प्रो शर्मा
गोस्वामी तुलसीदास की लोकधर्मी चेतना और बहुविध योगदान पर केंद्रित राष्ट्रीय संगोष्ठी सम्पन्न, हिंदी सेवी प्रो मिश्र का हुआ सारस्वत सम्मान
सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय उज्जैन की हिंदी अध्ययनशाला द्वारा गोस्वामी तुलसीदास जयंती महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर गोस्वामी तुलसीदास की लोकधर्मी चेतना और बहुविध योगदान पर केंद्रित राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि विश्व हिंदी सचिवालय मॉरीशस के पूर्व महासचिव एवं त्रिपुरा विश्वविद्यालय अगरतला के संकायाध्यक्ष प्रो विनोद कुमार मिश्र थे। अध्यक्षता कुलानुशासक एवं विभागाध्यक्ष प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा ने की। आयोजन में प्रो हरिमोहन बुधौलिया, प्रो गीता नायक, प्रो जगदीश चंद्र शर्मा आदि ने विचार व्यक्त किए। प्रारम्भ में उपस्थित जनों ने विश्वकवि गोस्वामी तुलसीदास के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। विश्व पटल पर विशिष्ट हिंदी सेवा के लिए प्रो विनोद कुमार मिश्र को शॉल, साहित्य एवं श्रीफल अर्पित कर उनका सारस्वत सम्मान किया गया।
प्रो. विनोदकुमार मिश्र, अगरतला त्रिपुरा ने अपने उद्बोधन में कहा कि तुलसीदास ने परंपरा और शास्त्र का अनूठा प्रयोग किया है। तुलसी ने राम के मर्म को समझा था। उन्होंने लोकरंजक को छोड़कर लोकरक्षक रूप की कल्पना की। तुलसीदास में राग, भक्ति और वैराग्य तीनों का समन्वय मिलता है। राम ने लोक और लोकतंत्र का सम्मान किया । पूरा तुलसी साहित्य मणि माला है, इसे हमें अवश्य आत्मसात करना चाहिए।

अध्यक्षता करते हुए कुलानुशासक प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा ने कहा कि तुलसीदास जी आत्म संघर्ष बहुत गहरा है। उन्होंने अंतर्बाह्य चुनौतियों का समर्थ प्रतिकार किया। आधुनिक युग में सज्जनों को सुख प्रदान करने के लिए उन्होंने पावन राम-लीला का लोकभाषा में अनुपम विस्तार किया। उनका श्रीराम के चरण-कमलों के प्रेम-रस में मग्न करने का संदेश बहुअर्थी है। वे एक साथ समाज कल्याण और अध्यात्म साधना को समन्वित करते हैं। उनके जीवन चरित से युवा पीढ़ी प्रेरणा ले।
प्रो. गीता नायक ने कहा कि तुलसीदास जी की एक – एक पंक्ति अपने जीवन में उतारने योग्य है। हमें उन्हें समझना और पढ़ते रहना चाहिए। कार्यक्रम में डॉ. हरिमोहन बुधौलिया, डॉ. राकेश ढंड, डॉ. प्रेमलता चुटेल आदि सहित अनेक साहित्यकार, शोधार्थी एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।

More Stories
Investment Updates: भोपाल समिट में 25 निवेशकों को लेटर ऑफ इंटेंट, 15 हजार से अधिक युवाओं को मिलेगा रोजगार
Damodar Yadav Demand Updates: दमोदर यादव ने दोहराई माफी की मांग, कहा- गलती का एहसास करें, एहसान नहीं
Bunty Vivek Sahu Updates: 3000 एकड़ भूमि के प्रयोजन परिवर्तन को स्वीकृति, करोड़ों के निवेश की उम्मीद