भोपाल: स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के उद्देश्यों की पूर्ति एवं पर्यावरणीय स्वच्छता की प्रतिबद्धता के दृष्टिगत नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा लिगेसी वेस्ट रेमेडिएशन कार्य में गंभीर लापरवाही बरतने पर एम/एस इकोस्टैन इन्फ्रा प्राइवेट लिमिटेड को विभागीय निविदाओं के लिए ब्लैक-लिस्ट कर दिया गया है।
नगर पालिक निगम बुरहानपुर अंतर्गत स्थापित लिगेसी वेस्ट डंपसाइट के बायोरेमेडिएशन, बायोमाइनिंग एवं वैधानिक अपशिष्ट निपटान का उत्तरदायित्व उक्त फर्म को सौंपा गया था। निर्धारित समयावधि व्यतीत हो जाने के उपरांत भी कार्य की प्रगति सर्वथा असंतोषजनक पाई गई। विभाग द्वारा निर्गत लिखित निर्देशों एवं सुधार के पर्याप्त अवसर प्रदान किए जाने के बावजूद फर्म अपने अनुबंधीय दायित्वों के निर्वहन में निष्फल रही।
नगरीय विकास एवं आवास विभाग आयुक्त संकेत भोंडवे ने इस प्रशासनिक निर्णय की जानकारी देते हुए स्पष्ट किया कि विभागीय गहन परीक्षण के दौरान कार्यस्थल पर आवश्यक संयंत्रों, अत्याधुनिक मशीनरी तथा पर्याप्त मानव संसाधनों की नितांत अनुपलब्धता उजागर हुई। स्वीकृत कार्ययोजना के अनुरूप कार्य निष्पादित न होना जनस्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे अति-संवेदनशील विषयों के प्रति गंभीर उदासीनता को दर्शाता है। काली सूची में दर्ज किए जाने की अवधि के दौरान उक्त फर्म विभाग अथवा इसके अधीनस्थ किसी भी नगरीय निकाय द्वारा आमंत्रित की जाने वाली नवीन निविदाओं, प्रस्तावों अथवा बोलियों में सहभागिता के लिए पूर्णतः अयोग्य रहेगी। इसके अतिरिक्त, संबंधित नगरीय निकायों को अनुबंध की शर्तों के अनुरूप आवश्यक वैधानिक संविदात्मक कार्रवाई निष्पादित करने तथा जनहित में शेष कार्य को बिना किसी व्यवधान के नियमानुसार शीघ्र पूर्ण कराने के कड़े निर्देश जारी किए गए हैं।

More Stories
Additional SP Suryakant Sharma Update: पुलिस कर रही सीसीटीवी फुटेज की जांच, हादसे के वक्त वैन में सवार थे 15 बच्चे
Dubai to Tel Aviv Flight Hijack Attempt: घायल होने के बावजूद बचाई 180 से ज्यादा यात्रियों की जान, पीएम मोदी ने भी की सराहना
Ujjain Shahi Masjid News: मीनार हटाने के दौरान हुआ हादसा, जमीअत उलेमा मध्य प्रदेश ने की जांच और पुनर्निर्माण की मांग