November 17, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने जीता सिंगापुर ओपन का खिताब

नईदिल्ली: भारत की स्टार बैडमिंटन जोड़ी सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने अपनी बादशाहत कायम रखते हुए सिंगापुर ओपन का पुरुष डबल्स खिताब अपने नाम कर लिया है।

बेहद रोमांचक और उतार-चढ़ाव से भरे इस खिताबी मुकाबले में भारतीय जोड़ी ने इंडोनेशिया के मोहम्मद शोहिबुल फिक्री और फज्र अल्फियान की मजबूत चुनौती को 18-21, 21-17, 21-16 से धूल चटाई।

सात्विक और चिराग की कोर्ट पर गजब की ट्यूनिंग और आक्रामक खेल के आगे विपक्षी जोड़ी निर्णायक गेम में पूरी तरह बेबस नजर आई जिसके दम पर भारतीय जोड़ी ने इस टूर्नामेंट की ट्रॉफी पर अपना कब्जा जमाया।

सिंगापुर ओपन में सात्विक-चिराग का सफर शुरुआत से ही शानदार रहा। सेमीफाइनल में उन्होंने मौजूदा वर्ल्ड चैम्पियन और टॉप सीड दक्षिण कोरियाई जोड़ी किम वोन हो और सियो सेउंग जे को हराकर बड़ा उलटफेर किया था। उसी जीत ने साफ संकेत दे दिया था कि भारतीय जोड़ी इस बार ट्रॉफी जीतने के मिशन पर है।

फायनल मैच जीतते ही दोनों खिलाड़ी कोर्ट पर लेट गए। सात्विक ने खास ‘बेबी सेलिब्रेशन’ किया, जबकि चिराग खुशी से जोरदार चीखते हुए अपने साथी पर कूद पड़े। इसके बाद दोनों ने कोर्ट पर डांस किया और लंबे समय बाद ट्रॉफी जीतने की खुशी खुलकर मनाई। यह जीत सिर्फ एक टूर्नामेंट की जीत नहीं, बल्कि भारतीय बैडमिंटन के लिए बड़ा संदेश भी है- सात्विक और चिराग की जोड़ी फिर से दुनिया पर राज करने के लिए तैयार है।

Share to...