May 23, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

राज्यसभा की 24 सीटों पर चुनाव का ऐलान, कई वरिष्ठ नेताओं की सदस्यता हो रही खत्म, इस तारीख को होंगे चुनाव

नईदिल्ली: चुनाव आयोग ने 10 राज्यों की खाली हो रही 24 राज्यसभा सीटों पर चुनाव की घोषणा कर दी है। सभी सीटों के लिए 18 जून को मतदान होगा और उसी दिन नतीजे भी घोषित किए जाएंगे।

सबसे ज्यादा 4-4 सीटों पर आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और गुजरात में चुनाव होंगे, जबकि मध्य प्रदेश की 3 सीटों पर वोटिंग कराई जाएगी। इसके अलावा झारखंड, मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम की एक-एक सीट पर भी चुनाव होंगे।

आपको बता दें कि बड़े नेताओं की राज्यसभा सदस्यता समाप्त हो रही है। इनमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, दिग्विजय सिंह, शक्तिसिंह गोहिल, नबाम रेबिया, एचडी देवगौड़ा जैसे नाम शामिल हैं। इसके अलावा हेमंत सोरेन के पिता शिबू सोरेन की मृत्यु के बाद से उनकी सीट 4 अगस्त 2025 से खाली है। इसके अलावा इस्तीफे की वजह से खाली हुईं दो राज्यसभा सीटों पर भी चुनाव होने जा रहा है। पहली-महाराष्ट्र से सुनेत्रा पवार की खाली सीट और दूसरी- सी वी षणमुगम के विधायक बनने के बाद इस्तीफा देने से तमिलनाडु की सीट खाली हुई है।

चुनाव आयोग द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, मतदान में सिर्फ रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा दी गई विशेष वायलेट स्केच पेन का इस्तेमाल होगा। चुनाव की निगरानी के लिए ऑब्जर्वर नियुक्त किए जाएंगे ताकि निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित हो सके।

चुनाव आयोग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, 1 जून 2026 को नोटिफिकेशन जारी की जाएगी और नामांकन की आखिरी तारीख 8 जून 2026 होगी। वहीं 9 जून 2026 तक नामांकन की जांच की जाएगी। नाम वापस लेने की आखिरी तारीख 11 जून 2026 है। मतदान 18 जून 2026 को होगा।

जानकारी के मुताबिक 18 जून 2026 को शाम 5 बजे वोटों की गिनती होगी। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने की अंतिम तारीख 20 जून 2026 तय की गई है।

किन राज्यों में कितनी सीटें

आंध्र प्रदेश – 4 सीट
गुजरात – 4 सीट
कर्नाटक – 4 सीट
राजस्थान – 3 सीट
मध्य प्रदेश – 3 सीट
झारखंड – 2 सीट
अरुणाचल प्रदेश -1 सीट
मणिपुर – 1 सीट
मेघालय – 1 सीट
मिजोरम – 1 सीट

Share to...