तमिलनाडु: तमिलनाडु के चुनाव में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है जहां TVK ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल कर ली है लेकिन बहुमत का आंकड़ा पार नहीं किया है। वहीं कोलाथुर सीट से TVK उम्मीदवार ने CM एमके स्टालिन को हरा दिया था।
अब DMK के प्रमुख एमके स्टालिन ने विधानसभा चुनावों में अपनी पार्टी की हार के बाद तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया और राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर को अपना इस्तीफा सौंप दिया है।
लोक भवन के अधिकारियों के अनुसार, त्यागपत्र औपचारिक रूप से राज्यपाल कार्यालय को भेज दिया गया है। राज्यपाल द्वारा त्यागपत्र स्वीकार किए जाने के बाद आधिकारिक पुष्टि की उम्मीद है। बता दें कि यह घटनाक्रम तमिलनाडु में एक बड़े राजनीतिक बदलाव के बीच आया है, जहां विजय के नेतृत्व वाली TVK 234 सदस्यीय विधानसभा में 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है लेकिन बहुमत के आंकड़े से 10 कम है।
डीएमके को 59 सीटें मिलीं, जो सत्तारूढ़ पार्टी के लिए एक बड़ा झटका है। इसी बीच, थिरुमावलवन, सीपीआई (एम) के राज्य सचिव शनमुगम और सीपीआई के राज्य सचिव वीरपांडियन सहित गठबंधन के प्रमुख नेता डीएमके मुख्यालय में स्टालिन से मुलाकात करेंगे जिससे चुनावी परिणामों के बाद आगे की रणनीति पर चर्चा की जा सके।
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 में स्टालिन के गढ़ कोलाथुर में भी बड़ा उलटफेर देखने को मिला, जहां उन्हें TVK उम्मीदवार वीएस बाबू ने 8,795 वोटों के अंतर से हराया। टीवीके को 32 प्रतिशत से अधिक वोट मिले, वहीं डीएमके को 24.19 प्रतिशत और AIDMK को 21.22 प्रतिशत वोट मिले, जो दोनों प्रमुख द्रविड़ दलों के प्रदर्शन में गिरावट को दर्शाता है।
हार के बाद भी स्टालिन ने मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया और वोट शेयर में मामूली अंतर का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि DMK के नेतृत्व वाले धर्मनिरपेक्ष प्रगतिशील गठबंधन के उम्मीदवारों को वोट देने वाले तमिलनाडु के सभी लोगों के प्रति मैं हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं।

More Stories
फ़िल्म अभिनेता गोविंद नामदेव ने परिवार सहित किए बाबा महाकाल के दर्शन
पश्चिम बंगाल में 9 मई को होगा नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह
महाकाल मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधाओं और व्यवस्थाओं को लेकर अहम बैठक संपन्न