नईदिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ओडिशा के झारसुगुड़ा में कई बड़े विकास कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इसी कड़ी में पीएम मोदी ने भारत संचार निगम लिमिटेड ( BSNL) की स्वदेशी 4G सेवाओं का शुभारंभ किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज ओडिशा से BSNL की स्वदेशी 4G सर्विस लॉन्च की। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने 97,500 टावर्स का भी उद्घाटन किया। BSNL 4G सर्विस पूरी तरह से स्वदेशी टेक्नोलॉजी पर बेस्ड है और इसे फ्यूचर में अपग्रेड भी किया जा सकता है। इस सर्विस से देश के लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में देश को बड़ी ताकत मिलेगी।
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि “डेढ़ साल पहले विधानसभा चुनावों के समय ओडिशा की जनता ने ‘विकसित ओडिशा’ का संकल्प लिया था। आज यह सपना डबल इंजन की स्पीड से साकार हो रहा है। आज से ओडिशा और देश के विकास के लिए हजारों करोड़ की योजनाएं शुरू हो रही हैं। आज BSNL का नया रूप भी सामने आया है। BSNL की स्वदेशी 4G सेवाओं की शुरुआत हुई है।”
इस कार्यक्रम में ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मजी और राज्यपाल हरि बाबू कंभंपति भी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री ने 60,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया, जिनमें दूरसंचार, रेलवे, उच्च शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास और ग्रामीण आवास शामिल हैं।
दूरसंचार में बड़ा कदम: 97,500 से ज्यादा 4G मोबाइल टावरों का उद्घाटन, जिनमें से 92,600 BSNL द्वारा। इनसे 26,700 अनकनेक्टेड गांवों को नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। सभी टावर सोलर-पावर्ड होंगे।
रेलवे परियोजनाएं: संबलपुर-सरला रेल फ्लाईओवर, कोरापुट-बैगुड़ा और मानबर-कोरापुट-गोरापुर लाइन का डबलिंग। साथ ही बेरहामपुर-उधना (सूरत) अमृत भारत एक्सप्रेस की शुरुआत।
स्वास्थ्य क्षेत्र: बर्हामपुर में MKCG मेडिकल कॉलेज और संबलपुर में VIMSAR को सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों में अपग्रेड किया जाएगा।
शिक्षा व कौशल विकास: आठ IITs का विस्तार, जिसमें अगले चार साल में 10,000 नई सीटें जोड़ी जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने जताया आभार
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मजी ने पीएम मोदी का आभार जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने ओडिशा के लिए ‘सुभद्रा योजना’ शुरू की है, जिसके तहत एक करोड़ महिलाओं को सालाना 10,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है।
बीएसएनएल की रजत जयंती के अवसर पर, प्रधानमंत्री ने 97,500 से ज्यादा मोबाइल 4G टावरों का भी उद्घाटन किया, जिनमें बीएसएनएल के 92,600 4G टेक्नोलॉजी साइट भी शामिल हैं। ये टावर लगभग 37,000 करोड़ रुपये की लागत से स्वदेशी तकनीक से बनाए गए हैं। ये टावर सौर ऊर्जा पर काम करते हैं।
बीएसएनएल का स्वदेशी 4G नेटवर्क क्लाउड-बेस्ड और फ्यूचर रेडी है और इसे आसानी से 5G में अपग्रेड किया जा सकता है। इसे 5G में अपग्रेड करने के लिए हार्डवेयर में बदलाव करने की जरूरत नहीं पड़ेगी, केवल सॉफ्टवेयर अपडेट से ही यह 5G पर आसानी से शिफ्ट हो जाएगा।
इसके अलावा, प्रधानमंत्री ने डिजिटल भारत निधि के माध्यम से भारत के 100% 4G सैचुरेशन नेटवर्क का भी अनावरण किया, जिसके तहत 29,000 से 30,000 गांवों को मिशन-मोड प्रोजेक्ट के तहत जोड़ा गया है।

More Stories
चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड की मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को मिली शिलांग कोर्ट से जमानत
पूर्व केंद्रीय मंत्री दिनेश त्रिवेदी बांग्लादेश में भारत के उच्चायुक्त नियुक्त,यह है नियुक्ति का मुख्य कारण
मध्यप्रदेश पॉवर जनरेटिंग कंपनी के नवीनीकरण एवं आधुनिकीकरण कार्यालय को मिला आईएसओ सर्टिफिकेशन