झारखंड: झारखंड में लोकतंत्र के महापर्व का आगाज आज 13 नवंबर को सुबह 7 बजे से हो चुका हैं। राज्य में दो चरणों में विधानसभा चुनाव संपन्न होने हैं। पहले चरण में 43 सीटों के लिए 13 नवंबर और दूसरे चरण में 38 सीटों के लिए 20 नवंबर को मतदान होगा। चुनाव परिणाम 23 नवंबर को महाराष्ट्र के साथ ही आएंगे।
झारखंड में पहले चरण में 43 सीटों के लिए मतदान आज सुबह 7 बजे से शुरू हो चुका है मतदान शाम 5 बजे तक चलेगा। हालांकि, 950 बूथ ऐसे भी हैं, जहां मतदान का समय शाम 4 बजे तक के लिए ही होगा।
पहले चरण की 43 सीटों के लिए मतदान के लिए 15344 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की 200 कंपनियां तैनात की गई हैं। निर्वाचन आयोग के मुताबिक झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण में कुल 683 उम्मीदवार मैदान में है। इनमें 73 महिला उम्मीदवार भी शामिल हैं। पहले चरण की 43 विधानसभा सीटों में से 17 सामान्य हैं, जबकि 20 सीटें अनुसूचित जनजाति के लिए और 6 सीटें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं।
झारखंड की 43 सीटों पर पहले चरण के तहत मतदान शुरू हो गया है। मतदान को लेकर लोगों में खासा उत्साह बना हुआ है। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओ की भीड़ दिखाई दे रही है। मतदाता कतार में लगकर अपनी बारी आने का इंतजार करते नजर आ रहे हैं। मतदान को लेकर उत्साह है। वही चुनाव आयोग द्वारा भी मतदाताओ के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये है।
झारखंड में पहले चरण के तहत 43 सीटो पर हो रहे मतदान को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लोगों से मतदान करने की अपील की है। उन्होंने कहा,’झारखंड विधानसभा चुनाव में आज पहले दौर की वोटिंग है। सभी मतदाताओं से मेरा आग्रह है कि वे लोकतंत्र के इस उत्सव में पूरे उत्साह के साथ मतदान करें। इस मौके पर पहली बार वोट देने जा रहे अपने सभी युवा साथियों को मेरी बहुत-बहुत बधाई! याद रखें- पहले मतदान, फिर जलपान!’
झारखंड के चीफ इलेक्टोरल ऑफिसर रवि कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि ‘झारखंड विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण में 43 सीटों पर 13 नवंबर को होने वाले मतदान के लिए तमाम तैयारियां पूरी की गई हैं। संवेदनशील इलाकों में पोलिंग पार्टी को हवाई मार्ग से भेजा गया है। सीआरपीएफ और अन्य अर्धसैनिक बलों की तैनाती राज्य में की गई है। कई यूनिक और मॉडल बूथ बनाए गए हैं, जहां मतदाताओं के लिए तमाम सुविधाएं उपलब्ध होंगी। मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए लगातार जनजागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। लोगों से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की जा रही है। यूनिक बूथों पर झारखंड की कला और शिल्प की भी झलक दिखेगी.’
पहले चरण में आज इन 43 सीटों पर वोटिंग शुरू हो चुकी हैं:
कोडरमा, बरकट्ठा, बरही, बड़कागांव, हजारीबाग, सिमरिया, चतरा, बहरागोड़ा, घाटशिला, पोटका, जुगसलाई, जमशेदपुर पूर्व, जमशेदपुर पश्चिम, ईचागढ़, सरायकेला, चाईबासा, मझगांव, जगन्नाथपुर, मनोहरपुर, चक्रधरपुर, खरसांवा, तमाड़, तोरपा, खूंटी, रांची, हटिया, कांके, मांडर, सिसई, गुमला, विशुनपुर, सिमडेगा, कोलेबिरा, लोहरदगा, मनिका, लातेहार, पांकी, डालटनगंज, विश्रामपुर, छतरपुर, हुसैनाबाद, गढ़वा, भवनाथपुर।
झारखंड की रांची सीट पर दो बड़े नेताओं के बीच मुकाबला है। छह बार के विधायक और दिग्गज भाजपा नेता चंद्रेश्वर प्रसाद सिंह के सामने झारखंड मुक्ति मोर्चा की राज्यसभा सांसद महुआ माझी रांची से चुनाव लड़ रही हैं।
सरायकेला में बीजेपी नेता चंपाई सोरेन का मुकाबला जेएमएम के गणेश महाली से होगा। दिलचस्प बात ये है कि चंपाई सोरेन चुनाव से ठीक पहले झामुमो छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। वहीं गणेश महाली सरायकेला से अपना टिकट कटने के बाद भाजपा से नाराज हो गए थे और झामुमो का दामन थाम लिया था। जमशेदपुर पूर्व में बीजेपी की पूर्णिमा दास के सामने कांग्रेस के डॉ अजॉय कुमार होंगे। पूर्णिमा रघुवर दास की बहू हैं, जबकि अजॉय कुमार पूर्व आईपीएस अधिकारी हैं और जमशेदपुर के सांसद रह चुके हैं।
इसी तरह जमशेदपुर पश्चिम सीट पर एनडीए की सहयोगी जदयू के सरयू राय और कांग्रेस के बन्ना गुप्ता आमने-सामने होंगे। वह वर्तमान सरकार में स्वास्थ्य मंत्री हैं। गढ़वा सीट पर जेएमएम नेता और कैबिनेट मंत्री मिथिलेश ठाकुर के सामने पूर्व भाजपा विधायक सत्येन्द्र तिवारी चुनौती पेश करेंगे। भवनाथपुर में बीजेपी के निवर्तमान विधायक भानु प्रताप शाही का मुकाबला झामुमो नेता अनंत प्रताप देव (राजा नागरगढ़) के साथ है। हुसैनाबाद में बीजेपी के कमलेश सिंह और राजद प्रदेशाध्यक्ष संजय सिंह यादव आमने-सामने होंगे।

More Stories
Young Woman Video Updates: विभाग के भीतर कथित व्यवहार पर उठे गंभीर सवाल, वीडियो में लगाए कई आरोप
Registration Late Fee Updates: निर्धारित समय-सीमा के बाद पंजीयन कराने पर देना होगा विलंब शुल्क, जानें नई प्रक्रिया
Honey Bee Swarm Incident Updates: दुपट्टे से चेहरा ढंककर और भागकर विद्यार्थियों ने बचाई जान, यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने जारी किया बयान