October 4, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

नवग्रह नगरी में भगवान सिद्धनाथ के दर्शनों के लिए उमड़ा जनसैलाब, निकला भव्य शिवडोला, जमकर झूमे बाबा भोले के भक्त

खरगोन: मप्र के खरगोन शहर में भादौ बदी दूज पर निकलने वाला भगवान सिद्धनाथ का चल समारोह शाही ठाठ व श्रद्धा भक्ति के साथ निकला। नगर के भावसार मोहल्ला स्थित सिद्धनाथ मंदिर से सुबह 10 बजे निकले चल समारोह की अभूतपूर्व आरती के बाद ढोल नगाड़ों की गूंज के साथ प्रारम्भ हुआ। भगवान सिद्धनाथ व भगवान श्री महाबलेश्वर महादेव श्रृंगारित पालकी में विराजित होकर नगर भ्रमण पर निकले।

55वें चल समारोह में जिले के ही नही बल्कि निमाड़ के सभी जिलों के श्रद्धालुओं ने अपने अधिष्ठाता सिद्धनाथ महादेव के मंगल दर्शन किये। चल समारोह को लेकर नगर के हर व्यक्ति में एक अलग ही उत्साह और उमंग देखा गया।

इस चल समारोह के लिए जिला व पुलिस प्रशासन पिछले एक सप्ताह से तैयारियों में जुटा था। शुक्रवार होने से प्रशासनिक तैयारियां एक अलग दृष्टिकोण से भी की गई थी।

शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे कलेक्टर शिवराज सिंह वर्मा और पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह तालाब चौक पर निगरानी के लिए पहुँचे। यहां से करीब 5 विभिन्न समाजों की झांकियां दोनों अधिकारियों की उपस्थिति में सुगमतापूर्वक निकाली गई। उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए तालाब चौक से तवड़ी व बावड़ी बस स्टैंड से आंनद नगर के बाद कंट्रोल से शहर में लगे 100 सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से नगर के चप्पे-चप्पे पर नजरे जमाए रखी। कही से भी किसी भी मार्ग पर अवरुद्ध होने पर तुरंत व्यवस्थाओं में लगे पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया।

नगर को दुल्हन की तरह सजे देख हर श्रद्धालु भक्ति रंग में डूब गया। बावड़ी बस स्टैंड से लेकर बस स्टैंड और पोस्ट ऑफिस चौराहे तक कई तरह तरह के स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों पर कई व्यंजन प्रसादी के रूप में परोसे गए। शिवभक्तों के स्वागत में 80 से अधिक स्वागत मंच और चाय पान की व्यवस्थाएं चल समारोह को अद्भुत बना रही थी।

तालाब चौक से निकलने वाली झांकियों को समय पर निकालने और तमाम व्यवस्थाएं जुटाने के लिए कलेक्टर शिवराज सिंह वर्मा और पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह मौजूद रहे। रघुवंशी समाज व अन्य समाज द्वारा निकाली जाने वाली झांकी के समय होने पर कलेक्टर वर्मा व एसपी सिंह ने मौर्चा सम्भालते हुए समाज के मनोज रघुवंशी व आयोजन समिति के अध्यक्ष नवनीत भंडारी, संरक्षक मनोहर भावसार के साथ तवड़ी मार्ग से तालाब चौक तक साथ चलकर अपनी निगरानी में झांकियों को निकाल गया। साथ ही अत्यधिक ध्वनि के डीजे की आवाज व ऊंचाई अधिक होने पर ऊंचाई कम कराई गई।

चल समारोह के दौरान नगर पालिका ने अपनी व्यवस्था के साथ पूरा अमला नगर को स्वच्छ करने में जुटा। नपा स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि अभूतपूर्व श्रद्धालुओं और स्टॉल से बंटने वाली प्रसादी का अनुमान लगाया गया था। उसी अनुरूप व्यवस्थाएं की गई। पहली बार सोचा गया कि शहर को 10 जोन में बांटते हुए व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई। करीब 12 बजे तक जैसे ही चल समारोह बावड़ी बस स्टैंड पर पहुँचा। उससे पूर्व भावसार मोहल्ले की ओर जाने वाली गली को नपा के सफाईकर्मियों ने साफ किया। जैसे जैसे चल समारोह आगे बढ़ता गया। गलिया और सड़कें साफ की गई। हर जोन में 10-10 सफाईकर्मी दो-दो कचरा वाहन के साथ मौजूद रहे। वही शिवड़ोले के आगे 20 और पीछे 20 सफाईकर्मी तथा हर स्टॉल पर सफाईकर्मी तैनात करते हुए डस्टबिन रखें गए।

चल समारोह में डीजे पर बज रहे भजनों पर युवक युवतियां जमकर झूमी साथ ही बम बम भोले, हर हर महादेव, जय शिव शंकर के जयकारों से आकाश गुंजायमान रहा। भोले बाबा की भक्ति में लीन युवा हाथों में भगवा पताकाएं लिए जमकर झूमे।

Share to...