April 23, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के बड़वानी रोड़ शो में उमड़ा जनसैलाब, जगह जगह पुष्पवर्षा व माला पहनाकर जनता ने किया स्वागत

बड़वानी: सीएम शिवराज सिंह चौहान बड़वानी जिले के दौरे पर नागलवाड़ी में कार्यक्रम कर विकास पर्व के तहत बड़वानी नगर में आयोजित रोड शो में शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री चौहान का नगरवासियों ने आत्मीय अभिनंदन किया।

मुख्यमंत्री चौहान के रोड शो के दौरान नगरवासियों ने पुष्पवर्षा कर तथा फूल माला पहनाकर उनका अभिनंदन किया। रोड-शो के दौरान मुख्यमंत्री का काफिला शहर में जहां-जहां गया वहां पर फूलो की बरसात से उनका स्वागत शहरवासियों ने किया। शहर वासियों के स्वागत से अभिभूत होकर मुख्यमंत्री ने कहा कि लोग तो कांटों से घायल होते है पर आज तो वे फूलो से घायल हो गये है। बड़वानी वासियों के प्यार एवं दुलार के लिए मुख्यमंत्री ने जिले वासियों को अभिनंदन भी किया।

शहर के डीआरपी लाईन स्थित हेलीपेड से मुख्यमंत्री का रोड़ शो हाउसिंग बोर्ड कालोनी, पानवाड़ी, पाला बाजार, कालिका माता मंदिर, कारगिल चौक, चंचल चैराहा, बोहरावाड़ी, जैन मंदिर, झण्डा चौक, रणजीत चौक, एमजी रोड़, मोटी माता चौक, महेन्द्र टाकिज होते हुए उत्कृष्ट विद्यालय बड़वानी पहुंचा।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का रोड शो जब बड़वानी शहर के पानवाड़ी मोहल्ले में पहुंचा तो वहां पर बहन शारदा कृष्णा गोले ने मुख्यमंत्री भाई की थकान मिटाने के लिए उनके समक्ष चाय लेकर आई। बहन हाथ में चाय की प्याली देखकर मुख्यमंत्री ने बहन को अपने समक्ष बुलाया और चाय की चुस्की लेते हुए बहन के प्यार को स्वीकार करते हुए धन्यवाद दिया।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का रोड शो जब बड़वानी शहर के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में पहुंचा तो वहां पर लाडली बेटी कुमारी इकरा मुख्यमंत्री का स्वागत करने के लिए अपने पिता के साथ हाथो में हार लेकर खड़ी थी। भांजी के हाथ में हार देखकर मुख्यमंत्री ने उसे अपने पास बुलाया एवं मामा ने भांजी के अभिवादन को स्वीकार करते हुए शुभाशीष दिया।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का रोड शो जब बड़वानी शहर के एमजी रोड पहुंचा तो वहां पर प्रेम चाय की दुकान के संचालक प्रेम यादव ने मुख्यमंत्री के लिए चाय बनाई और अपने बेटे रुद्र यादव के हाथो से मुख्यमंत्री को दी। मुख्यमंत्री ने भी भांजे के हाथ से चाय लेकर उसका अभिवादन स्वीकार करते हुए शुभाशीष दिया।

मुख्यमंत्री चौहान के लगभग तीन किलोमीटर तक तीन घंटे चले रोड-शो में बच्चों, महिलाओं, युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक सभी अपने घरों से बाहर निकलकर मुख्यमंत्री का स्वागत करने आतुर दिखे। इस दौरान मुख्यमंत्री चौहान ने भी नगरवासियों का अभिवादन किया।

रोड-शो के दौरान लाडली बहनों ने जगह-जगह मुख्यमंत्री का स्वागत एवं उन्हे धन्यवाद दिया। नगरवासियों एवं हितग्राहियों ने मंच पर लाइन में खड़े होकर तथा रोड-शो में हाथों में तख्ती लेकर मुख्यमंत्री चौहान को जनहित में चलाई गई विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लिए धन्यवाद दिया। रोड शो के दौरान नगर की अनेक सामाजिक, सांस्कृतिक तथा धार्मिक संस्थाओं, व्यापारिक संगठनों, समाजसेवियों, शासकीय-अशासकीय संस्थानों, संघों तथा अनेकों प्रतिष्ठानों के साथ ही सभी वर्गों के नागरिकों, बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों तथा युवाओं ने मुख्यमंत्री चौहान का स्वागत व अभिनंदन किया।

बड़वानी के नगरवासियों ने डीजे एवं ढोल-ताशों की गूंज के साथ मुख्यमंत्री चौहान के शहर आगमन पर आत्मीय स्वागत किया। रोड-शो के दौरान बड़ी संख्या में युवाओं, बच्चों, महिलाओं से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने अपने घरों की छत और बालकनी से पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री चौहान का अभिनंदन किया। रोड-शो में जगह-जगह बनाए गए 60 से अधिक मंचों से नागरिको ने फूल-माला पहनाकर और पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री चौहान का स्वागत किया गया।

रोड-शो में मुख्यमंत्री चौहान के साथ केबिनेट मंत्री प्रेमसिंह पटेल, राज्यसभा सांसद डाॅ. सुमेरसिंह सोलंकी, लोकसभा सांसद गजेन्द्रसिंह पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष अश्विनी निक्कू चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष ओम सोनी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, युवक-युवतियां और गणमान्य नागरिक शामिल हुए।

Share to...