November 19, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

महाराष्ट्र के धारणी के लोग मप्र में होना चाहते हैं शामिल, मप्र महाराष्ट्र बॉर्डर पर किया प्रदर्शन

नितिन इंगले,बुरहानपुर: मप्र के बुरहानपुर जिले से सटे महाराष्ट्र के धारणी तालुका से मप्र में शामिल होना चाहते हैं 154 गांव, 63 पंचायत के लोग- महाराष्ट्र की तहसील धारणी को मध्यप्रदेश में शामिल करने की मांग की जा रही है। इसी मांग को लेकर मप्र-महाराष्ट्र की बॉर्डर पर रहवासियों ने जमकर नारेबाजी की। महाराष्ट्र के धारणी के रहवासियों का मानना है यहां की सुविधाएं नहीं मिल रही हैं वही सारा व्यापार मप्र के बुरहानपुर, बैतूल, खंडवा से जुड़ा हुआ हैं।

महाराष्ट्र के अमरावती जिले की तहसील धारणी के रहवासियों ने मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र की सीमा पर नारेबाजी कर मांग उठाई कि धारणी को मध्यप्रदेश में शामिल किया जाए। इसे लेकर उन्होंने मप्र महाराष्ट्र की बॉर्डर पर आज जमकर नारेबाजी की, रहवासियों का कहना है कि यहां किसी प्रकार की सुविधाएं नहीं है, सारा व्यापार भी मध्यप्रदेश के बुरहानपुर, खंडवा और बैतूल जिले से जुड़ा हुआ है,रोड की स्थिति खराब है। आवागमन के साधन बेहतर नहीं है ,रहवासियों को उद्योग आदि की सुविधाएं नहीं है। धारणी में 154 गांव है ऐसे है जो यह करीब 150 किलोमीटर क्षेत्र में फैले है। इसके करीब 70 गांव मध्य प्रदेश से लगे हुए हैं। धारणी से अमरावती की दूरी करीब 190 किलोमीटर है। यह अति दुर्गम क्षेत्र है। धारणी से अमरावती तक जाने के लिए 70 किलोमीटर का रास्ता ,रास्ता कहलाने के लायक नहीं है। स्वास्थ्य सुविधाओं की दृष्टि से यहां कोई व्यवस्था नहीं है। यहां से अगर बीमार मरीज को अमरावती भेजा जाता है तो कई मरीज रास्ते में ही दम तोड़ देते हैं। ऐसे में लोग यहां से मरीज को बैतूल, खंडवा या बुरहानपुर ले जाना पसंद करते हैं। धारणी से इन जिलों की दूरी करीब 40 से 50 किलोमीटर है। अति दुर्गम क्षेत्र होने के कारण यहां किसी प्रकार की सुविधा नहीं है। सरकारी योजनाएं भी यहां तक नहीं पहुंच पाती। यही कारण है कि पिछले करीब 30 साल से यह क्षेत्र कुपोषण से मुक्त भी नहीं हो पाया है। लोग व्यक्तिगत लाभ से वंचित हैं।

रहवासियों ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भेजकर मांग की है कि धारणी को मध्यप्रदेश में शामिल किया जाए। अमरावती जिले के जिला परिषद सदस्य श्रीपाल राम प्रसाद पाल ने कहा कि 63 ग्राम पंचायतों के लोग इस मांग को लेकर एकजुट हैं। ज्ञापन महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री को भी भेजा गया है।

वही इस पूरे मामले में सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने कहा कि यह मध्यप्रदेश के लिए गौरव की बात है कि महाराष्ट्र के ग्रामीण मध्यप्रदेश में शामिल होना चाहते है, सीएम शिवराज सिंह चौहान की विकास की नीति व जनकल्याणकारी योजनाओं के चलते आज मध्यप्रदेश देश मे नम्बर 1 स्थान हासिल करता जा रहा है।

Share to...