खरगोन दंगे और शिवराज सरकार के एक्शन पर उठ रहे सवाल पर गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा का बयान आया है। बुलडोजर कार्यवाही को कोर्ट में चुनौती दी जा सकती है, इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कानूनी राय लेने में कोई बुराई नहीं है। हमने भी कानूनी सलाह लेकर ही कार्यवाही की है। जो अवैध है, जो नगर पालिका नियम के अंतर्गत अनुमति लिए बिना बने हुए हैं, उन पर कार्यवाही हो रही है। गिरफ्तारी होना और बुलडोजर चलना दोनों अलग-अलग मामले हैं।
सूफा, पीएफआई और जेएमबी जैसे संगठनों से खरगोन दंगे का कनेक्शन होने की बात पर मिश्रा ने कहा कि इसकी जांच हो रही है। इस मामले में अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी। गृहमंत्री भोपाल में मीडिया से बात कर रहे थे। प्रदेशभर में आज हनुमान जयंती मनाई जा रही है। इसको लेकर गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि पूरे मध्यप्रदेश में अलर्ट जारी किया गया है। एहतियात बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि छोला हनुमान मंदिर से काजी कैम्प तक के लिए शोभायात्रा निकालने की अनुमति मांगी गई थी। स्थानीय प्रशासन ने इसे निरस्त कर दिया है। इसमें सरकार की कोई भूमिका नहीं है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि खरगोन में पूरी तरह शांति है। दंगे में पूरी तरह 10 मकानों को नुकसान हुआ है। इन्हें सरकार फिर से बनाएगी। आंशिक रूप से 70 मकानों को नुकसान हुआ है, इनकी भी मरम्मत सरकार कराएगी। घायलों का फ्री इलाज हो रहा है। ऐसे 16 लोग हैं, जिनकी आजीविका छिन गई। सरकार इनकी भी मदद करेगी। अभी सरकार इसकी भरपाई करेगी, बाद में दंबाइयों से वसूल होगी।
