April 18, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

नए डिप्टी एनएसए बने विक्रम मिसरी

तीन साल तक चीन में भारतीय राजदूत के रूप में अपनी सेवाएं देने वाले विक्रम मिसरी को भारत का अगला उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार या डिप्टी एनएसए नियुक्त किया गया है। यह पंकज सरन की जगह लेंगे (31 दिसंबर तक इस पद बने रहेंगे।) सरन रूस और बांग्लादेश में भारत के राजदूत रह चुके हैं। वहीं मिसरी ऐसे समय में चीन के राजदूत थे जब भारत और चीन के बीच संबंध बेहद नाज़ुक दौर से गुज़र रहे थे। भारत और चीन के बीच लद्दाख़ में नियंत्रण रेखा पर 19 महीनों तक सीमा गतिरोध बना हुआ था और अभी भी कुछ जगहों पर चीन और भारत के बीच डिसएंगेजमेंट प्रक्रिया को लेकर बातचीत चल रही है।

मिसरी की जगह प्रदीप कुमार रावत को चीन में भारत का नया राजदूत बनाया गया है। वो भारतीय विदेश सेवा के 1990 बैच के अधिकारी हैं और मंदारिन भाषा में पारंगत हैं। श्रीनगर में पैदा हुए विक्रम मिसरी भारतीय विदेश सेवा के 1989 बैच के अधिकारी हैं। सिंधिया स्कूल में पढ़ाई के बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के हिंदू कॉलेज से ग्रैजुएशन किया।

उनके पास एमबीए की डिग्री भी है और सिविल सेवा में आने से पहले उन्होंने 3 साल तक ऐडवर्टाइज़िंग और ऐड फ़िल्म मेकिंग के क्षेत्र में भी काम किया। साल 2019 में चीन का राजदूत बनाए जाने से पहले वो म्यांमार और स्पेन में भी भारत के राजदूत के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके थे। चीन के राजदूत बनाए जाने के बाद साल 2020 में लद्दाख़ की गलवान घाटी में भारत और चीन के बीच गंभीर झड़प हुई जिसमें दोनों ओर से कई जवानों की मौत हुई। इसके बाद दोनों देशों के बीच रिश्ते बेहद तनावपूर्ण रहे।

इन तनावपूर्ण रिश्तों के दौरान इन्हें सामान्य करने के लिए मिसरी ने भी अहम भूमिका निभाई। दोनों देशों के बीच कई बार हुई महत्वपूर्ण बातचीत के दौरान वो इसका हिस्सा रहे। विक्रम मिसरी 11 दिसंबर तक चीन में भारत के राजदूत थे। 6 दिसंबर को हुए उनके वर्चुअल विदाई कार्यक्रम के दौरान चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने भी उसमें भाग लिया था। इस दौरान चीनी विदेश मंत्री वांग यी के आगे मिसरी ने कहा था कि चुनौतियों के कारण भारत-चीन संबंधों की बड़ी संभावनाओं को हार मिली है।

Share to...