मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान रविवार को उज्जैन आए। यहां उन्होंने सोयाबीन प्लांट की खाली पड़ी भूमि पर होजियरी वस्त्र निर्माण उद्योग का भूमिपूजन किया। सीएम ने कहा कि भगवान महाकाल की कृपा से उज्जैन में आर्थिक उत्थान का नया सूर्योदय हुआ है। यहां औद्योगिक विकास के नए युग की शुरुआत हुई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के पूर्व उज्जैन मिलों के लिए जाना जाता था, मगर धीरे-धीरे फैक्ट्रियां बंद हो गईं। अब हमने फिर से नया रोडमैप बनाया है। उद्योग स्थापित करने और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए हम लगातार काम कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है आत्मनिर्भर भारत का। इसी तरह हमारा संकल्प आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश बनाने का है।
होजियरी वस्त्र निर्माण इकाई से 4 हजार लोगों को प्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा। खास बात यह है कि इनमें 90 फीसद कर्मचारी महिलाएं होंगी। अगस्त 2022 से उत्पादन शुरू हो जाएगा। उद्योग स्थापित करने वाली कंपनी बेस्ट के अधिकारियों ने बताया कि वे ट्रेनिंग सेंटर भी खोलेंगे, जिसमें कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। उद्योग स्थापना में 80 करोड़ रुपये का निवेश होगा।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन के दौराना बताया कि वस्त्र निर्माण कंपनी बेस्ट के अधिकारियों ने उनसे 30 एकड़ जमीन और मांगी है, ताकि यहां 120 करोड़ रुपये की एक और इकाई लगाई जा सके। इससे भी 2 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कलेक्टर आशीष सिंह को मंच से ही निर्देशित किया वे जमीन चिह्नित करने की कार्रवाई करें।
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कालिदास अकादमी में जिले में स्थापित किए गए तीन आक्सीजन प्लांटों का ई-लोकार्पण किया। साथ ही डोंगला की वेधशाला में निर्मित आडिटोरियम का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उज्जैन में विकास का नया अध्याय लिखा जा रहा है। एक तरफ उद्योग तो दूसरी तरफ विज्ञान संबंधित कार्य हो रहे हैं। कोरोना संक्रमण को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन को इलाज की नगरी भी बनाएंगे। कोरोना की तीसरी लहर की आशंका के कारण सभी इंतजाम किए जा रहे हैं। हमें अभी निश्चिंत नहीं होना है। कोरोना अलग-अलग रूप में आ रहा है। इसलिए सावधानी जरूरी है। ज्यादा से ज्यादा टेस्ट हों और नागरिक कोविड नियमों का पालन करें।

More Stories
अब तक 2938 स्थानों पर हुई जाँच, 4547 गैस सिलेण्डर किये गये जब्त
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में ऊर्जा विभाग बना नबंर-1 : ऊर्जा मंत्री तोमर
इंदौर जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 30 करोड़ की शासकीय भूमि अतिक्रमण मुक्त, 12 मकान हटाए गए