पन्ना: उत्तर वन मंडल अंतर्गत पन्ना वन परिक्षेत्र की बीट मनकी में बाघिन का कुछ दिन पुराना शव मिला है। बाघिन के गले में क्लच वायर का फंदा फंसा हुआ मिला है। जैसे ही वन विभाग को जानकारी लगी पूरे विभाग में हड़कंप मच गया और मौके पर आला अधिकारी पहुंचे।
📢 रोजगार सहायक ने दी वन विभाग को सूचना
ग्राम पंचायत मनकी के रोजगार सहायक इब्राहिम खान ने बताया, “गुरुवार की सुबह वह सरकारी कुआं की फोटो खींचने गए थे, उस दौरान बताया गया कि वहां पर बाघिन का शव पड़ा है। यह जगह मनकी से करीब 50 मीटर दूर ग्राम मंटोला है, जहां पर नाले के पास बाघिन का शव पड़ा था और उसके गले में फंदा फंसा हुआ था, जिसकी जानकारी वन विभाग को दी गई।”
उत्तर वन मंडल के SDO कृष्णम मरावी ने बताया, “पन्ना परिक्षेत्र अंतर्गत बीट मनकी में बाघिन का शव मिलने की सूचना के बाद टीम के साथ तुरंत ही मौके पर पहुंचा, मामले की तफ्तीश की जा रही है। बाघिन के गले में क्लच वायर का फंदा फंसा हुआ मिला है, जिससे बाघिन के गले में घाव भी हैं। बाघिन का शव कई दिन पुराना लग रहा है। प्रथम दृष्टा यह लग रहा है कि बाघिन के गले में जो फंदा पड़ गया था उससे वह शिकार करने में असमर्थ हो गई थी। जिसके कारण उसकी भूख और प्यास के कारण मौत हो गई। क्लच वायर का फंदा मिलने से शिकार की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।”
🐕 ‘पूरे क्षेत्र की कराई जा रही सर्चिंग’
SDO कृष्णम मरावी ने बताया, “बाघिन की मौत की खबर के बाद मौके पर पन्ना टाइगर रिजर्व का डॉग स्क्वायड दल पहुंचा और पूरे क्षेत्र की सर्चिंग कराई जा रही है। वन अपराध शिकार का अज्ञात प्रकरण दर्ज किया गया है। पूरे मामले की जांच पड़ताल जारी है। अमूमन ऐसे फंदे जंगल से लगे हुए खेतों में लोग लगाते हैं, जो सूअर एवं अन्य जानवरों के शिकार के लिए लगाए जाते हैं। जिससे यह फंदे जानलेवा साबित होते हैं।”
⚠️ फंदे से मौत होने के पहले भी आ चुके हैं मामले
इसके पहले भी विक्रमपुर बीट अंतर्गत एक बाघ की इसी तरह फंदे में लटककर मौत हो गई थी। ऐसा ही मामला पवई वन परिक्षेत्र अंतर्गत पवई के पिपरिया दोन बीट में भी सामने आया था, जहां पर तेंदुआ भी ऐसे ही फंदे में फंस गया था और उसकी मौत हो गई थी। अब हाल में यह इसी तरह का तीसरा मामला सामने आया है। जहां पर बाघिन का शव मिला है। यह स्थान उत्तर वन मंडल अंतर्गत पन्ना वन परिक्षेत्र की बीट मनकी में आता है और यह स्थान पन्ना से करीब 5 से 7 किलोमीटर दूर ही स्थित है, इसके बावजूद वन विभाग को इस बात की खबर नहीं लगी।

More Stories
Auto Maintenance Dock LDS Navigation Updates: 5,200mAh बैटरी और 180 मिनट बैकअप, खुद धोएगा और सुखाएगा पोछा
Refusal To Marry Arrest Pending Updates: शादी से मुकरने के बाद छात्रा ने की शिकायत, फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं
Temple Stone Elephant Tradition Updates: वायरल वीडियो के बाद प्रतिमा हटाने की मांग पर आपत्ति, प्राचीन गज की अनूठी मान्यता