November 26, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

Temple Stone Elephant Tradition Updates: वायरल वीडियो के बाद प्रतिमा हटाने की मांग पर आपत्ति, प्राचीन गज की अनूठी मान्यता

अनूपपुर: प्रसिद्ध तीर्थस्थल अमरकंटक स्थित मां नर्मदा उद्गम मंदिर परिसर में हाथी की प्रतिमा इन दिनों फिर चर्चा में है। हाल ही में हाथी की प्रतिमा के पैरों के बीच से निकलने के दौरान श्रद्धालु के फंसने और बड़ी मुश्किल से बाहर निकलने की घटना हुई। इसके बाद कुछ लोगों ने हाथी की प्रतिमा को हटाने की मांग की थी और इस प्रकार की धार्मिक परंपरा पर सवाल उठाए। इसके बाद मंदिर के पुजारी ने पूरी हकीकत बताई।

🙏 हाथी की प्रतिमा से पाप-पुण्य मापते हैं

मंदिर में स्थापित हाथी की प्रतिमा के नीचे से गुजरने की मान्यता है। लोगों के बीच इस प्रकार की भी बातें होती हैं कि ये प्रतिमा पाप और पुण्य मापने के लिए है। जो व्यक्ति आसानी से प्रतिमा के नीचे से निकल जाता है, उसके खाते में पुण्य ठीकठाक माने जाते हैं। जो व्यक्ति नहीं निकल पाता या फंस जाता है, उसके खाते में माना जाता है कि पाप ज्यादा हैं। इन्हीं बातों को लेकर मंदिर के मुख्य पुजारी पं. धनेश द्विवेदी वंदे महाराज ने पूरी तस्वीर साफ की।

⚖️ हाथी की प्रतिमा पर गलत टिप्पणी करना आपत्तिजनक

मंदिर के मुख्य पुजारी वंदे महाराज का कहना है, “हाथी की प्रतिमा के नीचे से निकलने की धार्मिक मान्यता है। श्रद्धालु पूरी श्रद्धा एवं आस्था के साथ साष्टांग दंडवत की मुद्रा में इसके नीचे से गुजरते हैं। हाथी की प्रतिमा के नीचे गुजरने वालों के फंसने की बात गलत है। कई सालों से लोग इसके नीचे से गुजरते हैं। आज तक कोई नहीं फंसा। हालांकि, कभी कोई व्यक्ति गलत तरीके से निकलने का प्रयास करता है तो उसे थोड़ी दिक्कत होती है। किसी एक वीडियो को देखकर मंदिर की धार्मिक परंपरा और प्रतिमा को लेकर इस तरह की टिप्पणियां करना उचित नहीं है कि प्रतिमा को हटवा दिया जाए।”

🛡️ पुजारी का दावा- प्रतिमा में आज तक कोई नहीं फंसा

वंदे महाराज का कहना है, “शक्तिपीठ मां नर्मदा मंदिर के पास बने हाथी से निकलना मां नर्मदा को दंडवत प्रणाम करने की विधा कहलाता है। मंदिर परिसर में सैकड़ों श्रद्धालु आते हैं। वायरल होने के चक्कर में गज के पास वीडियो रील बनाते हैं। आज तक ऐसा कभी नहीं हुआ कि जो मां के चरणों में हाथी से निकलकर दंडवत प्रणाम किया हो, वह कभी फंसा हो। थोड़ी दिक्कत हो सकती है।”

✨ हाथी की प्रतिमा के नीचे से निकलने की मान्यता

हाल ही में एक व्यक्ति ने मां नर्मदा उद्गम मंदिर परिसर में पत्थर से बनी हाथी की प्रतिमा के पैरों के बीच से निकलने की कोशिश की। इस दौरान वह संकरी जगह में बीच में ही फंस गया। वह व्यक्ति काफी देर तक प्रतिमा के बीच से बाहर निकलने की कोशिश करता रहा। काफी मशक्कत के बाद वह बाहर निकल सका।

मां नर्मदा के उद्गम कुंड और मंदिर के पास स्थित यह प्राचीन गज (हाथी) आकार में काफी छोटा है। इसकी कुल लंबाई महज तीन फीट है और इसके पैरों के बीच की जगह केवल एक फीट के आसपास चौड़ी है। श्रद्धालुओं के प्रति प्रतिमा को लेकर गहरी आस्था और अनूठी मान्यता प्रचलित है। लोगों के बीच मान्यता है कि जो व्यक्ति इस गज के पैरों के बीच से आर-पार निकल जाता है, उसकी मनोकामना पूरी होती है और उसे क्लेशों व पापों से मुक्ति मिलती है।

Share to...