भोपाल: राजधानी में बरकतउल्ला विश्वविद्यालय के B.Com सेकंड ईयर के रिजल्ट में बड़ी गड़बड़ी सामने आई है। दरअसल, श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज कोलार के करीब 200 विद्यार्थियों में से 65 को बिजनेस स्टैटिस्टिक्स सब्जेक्ट में शून्य (0) अंक मिलने का दावा किया गया है। कुछ विद्यार्थियों की मार्कशीट में अन्य विसंगतियां भी सामने आई हैं। जिसके बाद प्रभावित छात्रों के साथ कांग्रेस नेता राजकुमार सिंह ने विश्वविद्यालय पहुंचकर रजिस्ट्रार को ज्ञापन सौंपा है। वहीं विश्वविद्यालय प्रबंधन ने भी अंक चढ़ाने के दौरान गलती होने की बात स्वीकार करते हुए जांच कराने और सुधार का भरोसा दिया है।
📊 बिजनेस स्टैटिस्टिक्स में 65 छात्रों को शून्य अंक
बता दें कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज कोलार के B.Com सेकंड ईयर के विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम में बिजनेस स्टैटिस्टिक्स विषय को लेकर गड़बड़ी सामने आई है। सत्र 2024-25 की अप्रैल 2026 में हुई परीक्षा के परिणाम में करीब 200 विद्यार्थियों ने बिजनेस स्टैटिस्टिक्स की परीक्षा दी थी। इनमें से 65 छात्रों को इस विषय में शून्य अंक या शून्य ग्रेड पॉइंट दर्ज होने का दावा किया गया है। वहीं विद्यार्थियों की साझा मार्कशीट में वंशिका मेटे, सुभद्रा रघुवंशी और सौरभ चौधरी समेत कई छात्रों के नाम सामने आए हैं। अब अन्य विषयों में अंक होने के बावजूद बिजनेस स्टैटिस्टिक्स में शून्य दर्ज होने से छात्र परेशान हैं।
📝 परीक्षा में शामिल छात्रा को अनुपस्थित बताया
छात्रों ने बताया कि मार्कशीट में केवल शून्य अंक का मामला ही नहीं, बल्कि उपस्थिति से जुड़ी विसंगति भी सामने आई है। साक्षी नाम की छात्रा ने बताया कि वह चारों परीक्षाओं में शामिल हुई थी, लेकिन परिणाम में उसे अनुपस्थित दिखा दिया गया। ऐसी गड़बड़ियों ने विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। छात्रों का कहना है कि परिणाम में त्रुटि के कारण उनका शैक्षणिक भविष्य प्रभावित हो सकता है।
📢 कांग्रेस नेता ने रजिस्ट्रार को सौंपा ज्ञापन
इस मामले को लेकर बुधवार को मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव राजकुमार सिंह प्रभावित विद्यार्थियों के साथ बरकतउल्ला विश्वविद्यालय पहुंचे और रजिस्ट्रार समर बहादुर सिंह को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान उन्होंने उत्तर पुस्तिकाओं की दोबारा जांच, अंकों में सुधार और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है। राजकुमार सिंह ने कहा कि “विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों के सामने भविष्य को लेकर संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने परीक्षा परिणाम तैयार करने वाली गुजरात की निजी एजेंसी इन्फिनिटी की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं।”
✅ अंक चढ़ाने में हुई गलती, जांच के बाद सुधरेगा रिजल्ट
बरकतउल्ला विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार समर बहादुर सिंह ने बताया कि “विद्यार्थियों के अंक चढ़ाने के दौरान गलती हुई है, जिसकी जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय हर साल लाखों विद्यार्थियों के परिणाम तैयार करता है, इस दौरान छोटी-मोटी त्रुटियां हो जाती हैं, जिन्हें समय पर सुधार लिया जाता है। B.Com विद्यार्थियों की जिन मार्कशीट में शून्य अंक दर्ज हुए हैं, उनकी कॉपियां दोबारा जांची जाएंगी और इसके बाद अंकों में सुधार किया जाएगा।”

More Stories
Auto Maintenance Dock LDS Navigation Updates: 5,200mAh बैटरी और 180 मिनट बैकअप, खुद धोएगा और सुखाएगा पोछा
Panna Tiger Reserve Search Updates: शिकार की आशंका से इनकार नहीं, डॉग स्क्वायड से कराई जा रही सर्चिंग
Refusal To Marry Arrest Pending Updates: शादी से मुकरने के बाद छात्रा ने की शिकायत, फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं