भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि किसी भी आउटसोर्स कर्मचारी को बाहर नहीं किया जाएगा। आउटसोर्स कर्मचारियों की नियुक्ति के संबंध में वर्तमान में जारी व्यवस्था कायम रहेगी। उन्होंने कहा कि इस संबंध में फैलाई जा रही खबरें भ्रामक हैं। मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान CM ने ये बातें कहीं।
🙏 कर्मचारी संगठनों ने जताया आभार
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा, “किसी सरकार की ताकत और पहचान कर्मचारियों की बुलंदी से होती है। कर्मचारियों के चेहरे पर मुस्कान होगी, तभी प्रदेश प्रगति के रास्ते पर बढ़ेगा।” मुख्यमंत्री निवास में विभिन्न कर्मचारी संगठनों द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह को मुख्यमंत्री संबोधित कर रहे थे। कर्मचारी संगठनों ने शासकीय सेवाओं में नियुक्ति और कार्यरत कर्मचारियों के लिए दो संतान की सीमा की नीति को अनिवार्यता समाप्त करने, पदोन्नति, वेतन भत्तों में वृद्धि सहित अनेक कल्याणकारी निर्णयों के लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव का आभार व्यक्त किया।
📋 खाली पदों पर जारी रहेंगी भर्ती: मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा, “सरकार नीतियां बनाती है, योजनाएं तैयार करती है, लेकिन उन्हें लागू कर अंतिम पंक्ति के जरूरतमंद को लाभ हमारे कर्मचारी ही दिलवाते हैं। कर्मचारियों का सम्मान और उनके परिवार की आर्थिक सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।” उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने शासकीय सेवकों के लिए दो बच्चे की सीमा की नीति को समाप्त करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। इसी प्रकार सहायक ग्रेड-3 के समकक्ष पदोन्नति में कुछ शर्तों के साथ CPCT की अर्हता से छूट दी गई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में रिक्त पदों पर भर्तियों का क्रम जारी रहेगा। प्रदेश के सभी विभागों में एक लाख से अधिक अधिकारियों-कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ मिला है।
📄 अनुकंपा नियुक्ति के मामलों का तेजी से निपटारा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा, “राज्य सरकार ने कर्मचारियों के लिए कंप्यूटर प्रोफिशिएंसी सर्टिफिकेट टेस्ट (CPCT) सहित लगभग 26 प्रकार के भत्तों का पुनरीक्षण किया है। कर्मचारियों को मिलने वाले वेतन भत्तों में कोई विलंब नहीं होना चाहिए। दिवंगत शासकीय सेवकों के परिवार की सहायता के लिए अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों का तेजी से निराकरण किया जा रहा है। इसमें विभागों के बीच प्रतिस्पर्धा शुरू हो गई है। स्कूल शिक्षा विभाग ने ही एक हजार से अधिक अनुकंपा नियुक्ति दी हैं। सेवानिवृत्त कर्मचारियों को महंगाई भत्ता दिए जाने के लिए छत्तीसगढ़ राज्य से सहमति लेने की असंगत प्रथा को खत्म किया गया है। राज्य सरकार ने अधिकारी-कर्मचारियों के विभिन्न विषयों और उनकी परेशानियों को बारीकी से समझने के लिए मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी कल्याण आयोग का गठन किया है।”
🤝 शासकीय सेवकों के कल्याण के लिए मुख्यमंत्री बेहद संवेदनशील: मजदूर संघ
भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश महामंत्री श्री कुलदीप सिंह गुर्जर ने कहा, “मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कर्मचारियों की वर्षों से लंबित समस्याओं का निराकरण किया। मध्य प्रदेश सरकार अधिकारियों-कर्मचारियों को पदोन्नति देने के मामले में अग्रणी है। यह निर्णय मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता को दर्शाता है। प्रदेश के कई विभागों में सरकारी नियुक्तियां की जाएंगी। विभिन्न वर्गों में कर्मचारियों के लिए वेतन विसंगतियों का भी निराकरण हुआ है। मध्य प्रदेश, देश का इकलौता राज्य है, जहां कर्मचारी कल्याण आयोग और कर्मचारी कल्याण समिति दोनों कार्यरत हैं।”
👥 कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
अभिनंदन समारोह में मध्य प्रदेश राजपत्रित अधिकारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष संतोष कुमार गांधी, म.प्र. लघु वेतन कर्मचारी संघ के अध्यक्ष महेंद्र शर्मा, म.प्र. शिक्षक कांग्रेस के अध्यक्ष नवीन चतुर्वेदी, म.प्र. राज्य कर्मचारी संघ के अध्यक्ष हेमंत श्रीवास्तव, म.प्र. अनुसूचित जाति जनजातीय अधिकारी-कर्मचारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष मुकेश मौर्य, संविदा कर्मचारी संघ अध्यक्ष रमेश राठौर, म.प्र. सचिवालय मंत्रालय शीघ्रलेखक संघ अध्यक्ष सुभाष वर्मा समेत कई अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

More Stories
Gwalior Trade Fair Pragati Maidan Updates: संस्कृति मंत्री से मिले प्राधिकरण पदाधिकारी, पिछले साल पहुंचे थे 84 लाख सैलानी
EPFO Unclaimed Balance Updates: 1 हजार रुपये तक की राशि वाले 1 लाख खातों में जमा होंगे 5 करोड़, WhatsApp पर दिखेगा बैलेंस
Vaishno Dham Indore Updates: सोशल मीडिया व मेलों से बढ़ी डिमांड, अन्य महिलाएं भी सीख रहीं यह बारीक कला