November 23, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

Cold Wave Cyclone Akwan News 2026: MP में मौसम के 3 सिस्टम सक्रिय: 13 जिलों में बारिश का अनुमान, गिरा पारा

भोपाल: मध्य प्रदेश में मौसम के तीन सिस्टम एक साथ सक्रिय होने से ठंड ने अपना असली असर दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 13 जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई है। प्रदेश के कई हिस्सों में बादल भी छाए हैं। मौसम के करवट लेने के लिए बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवात अकवान को बड़ा कारण माना जा रहा है।

अधिकांश जिलों में पिछले 4 दिन से ठंडी हवाएं चल रही हैं। अब दिन में धूप खिलने के दौरान भी ठंड का अहसास होने लगा है। शाम होते ही पारा भी गोता लगाने लगा है। मध्य प्रदेश के जिलों में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री तक लुढ़ गया है। पहाड़ी इलाकों से बर्फबारी के बाद आ रही ठंडी हवाओं के कारण प्रदेश में ठंड तेज होने के आसार हैं।

☁️ प्रदेश के पूर्वी जिलों में मौसम बिगड़ा

मध्य प्रदेश में ठंड ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। अब धूप सुहावनी लगने लगी है। प्रदेश के कई जिलों में रविवार को भी बादल छाए रहे और पूर्वी जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई। सोमवार और मंगलवार को कुछ जिलों में हवा के साथ बारिश होगी तो कहीं-कहीं बादल छाए रहेंगे।

⛈️ मध्य प्रदेश के इन जिलों में बारिश के आसार

जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग के 13 जिलों में तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है। अगले 24 घंटे में सतना, रीवा, मैहर, कटनी, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला और बालाघाट में बारिश की संभावना है। इसके अलावा जबलपुर और सागर संभाग के जिलों में बादल छाए रहेंगे। पूर्वी हिस्से में निम्न दाब क्षेत्र और ट्रफ के कारण प्रदेश में बारिश हो रही है। कृषि कॉलेज इंदौर के मौसम विज्ञानी डॉ. आनंद कुमार हरसाना ने बताया, “साइक्लोन के कारण मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है।”

भोपाल के मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा ने बताया, “मध्य प्रदेश में पिछले 24 घंटों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन पूर्वी जिलों में पारा अब भी सामान्य से 3 से 5 डिग्री ऊपर है। वहीं 23 नवंबर को मंडला, बालाघाट, डिंडोरी, अनूपपुर और शहडोल में हल्की बारिश की संभावना है। हालांकि मौसम विभाग ने कोई चेतावनी जारी नहीं की है। 24 से 27 नवंबर तक प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहेगा।”

🌾 मध्य प्रदेश में सबसे ज्यादा बारिश सिंगरौली में

रविवार को सिंगरौली में तेज बारिश हुई। पूरे जिले में कुल मिलाकर 3.20 इंच तक बारिश दर्ज की गई। शहडोल और आसपास के जिलों में शुक्रवार से ही कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश का जो दौर शुरू हुआ, जो शनिवार को पूरे दिन चलता रहा। सिंगरौली, शहडोल सहित आसपास के जिलों में खेतों में खड़ी और कटी पड़ी धान की फसल खराब हो गई।

🌡️ प्रमुख शहरों का न्यूनतम तापमान

मौसम विभाग के अनुसार रविवार रात शाजापुर के गिरवर में न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री, बैतूल में 11.7 डिग्री और नौगांव में 13.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। नीमच के मरुखेड़ा, खरगोन और नरसिंहपुर में पारा 13.4 डिग्री दर्ज किया गया। ग्वालियर में 13.5, रतलाम में 14.2, भोपाल में 14.6 और धार में 14.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।

Share to...