November 23, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

FRC Meeting 138 Days News 2026: MP के 800 निजी कॉलेजों की फीस निर्धारण अटका: 138 दिन से नहीं हुई FRC की बैठक

भोपाल: मध्य प्रदेश के करीब 800 निजी कॉलेजों के प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों की फीस का अंतिम निर्धारण फिलहाल अटक गया है। प्रवेश एवं शुल्क विनियामक समिति (FRC) की पिछले 138 दिनों से औपचारिक बैठक न होने के कारण B.Ed, M.Ed, Law समेत अन्य कोर्स की प्रोविजनल फीस पर अंतिम मुहर नहीं लग सकी है। इससे जहां छात्र और अभिभावक अंतिम शुल्क को लेकर असमंजस में हैं, वहीं कॉलेज प्रबंधन भी अपनी आपत्तियों और प्रस्तावों के निस्तारण का इंतजार कर रहे हैं।

⚖️ पद एक और सचिव दो, इसलिए उलझी समिति

FRC की बैठक न हो पाने के पीछे सचिव पद को लेकर बना असमंजस मुख्य वजह बताया जा रहा है। प्रवेश एवं शुल्क विनियामक समिति अधिनियम 2007 के प्रावधानों के तहत समिति के OSD ही सचिव होते हैं, जिसके अनुसार तकनीकी शिक्षा विभाग ने डॉ. अनिल शिवानी को OSD नियुक्त किया था। दूसरी ओर सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने 16 सितंबर को अध्यक्ष और सदस्यों के रिक्त पदों पर नियुक्ति के आदेश में तकनीकी शिक्षा विभाग के संचालक को सदस्य-सचिव दर्शाया, जबकि अधिनियम में इस पद का उल्लेख नहीं है। इसी उलझन को दूर करने के लिए FRC ने सामान्य प्रशासन विभाग को दो बार पत्र लिखकर मार्गदर्शन मांगा, लेकिन अब तक जवाब नहीं मिलने से बैठक अटकी हुई है।

📄 मोहलत खत्म होने के बाद भी दस्तावेज और आपत्तियां लंबित

कॉलेजों को स्टाफ, वेतन और अन्य खर्चों से जुड़ी जानकारी पोर्टल पर अपडेट करने के लिए पहले तीन महीने की समयसीमा दी गई थी, जो समाप्त हो चुकी है। इस दौरान 230 कॉलेजों ने जानकारी अपडेट की, 100 कॉलेजों को एक सप्ताह की अतिरिक्त मोहलत मिली और बाकी कॉलेजों ने ब्योरा नहीं दिया। अब अतिरिक्त समयसीमा भी खत्म हो चुकी है और कई कॉलेजों ने निर्धारित अवधि में दस्तावेज व खर्च का ब्योरा नहीं दिया है, जबकि कुछ संस्थान प्रोविजनल फीस बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।

🏥 फीस कटौती पर कॉलेजों की आपत्ति, 50 मेडिकल कॉलेजों का मामला

बता दें कि प्रोविजनल फीस निर्धारण में कुछ कॉलेजों की फीस पहले की तुलना में कम होने पर संस्थानों ने आपत्ति दर्ज कराई है। उदाहरण के तौर पर जिन संस्थानों की फीस पहले 35 हजार रुपये थी, उनकी प्रोविजनल फीस 32 हजार रुपये तय की गई है, जिससे कई कॉलेज पुरानी दरें बरकरार रखने या फीस बढ़ाने की मांग कर रहे हैं और संचालन खर्च का हवाला दे रहे हैं।

इसके अलावा मेडिकल, आयुर्वेद, यूनानी और नर्सिंग सहित अन्य मेडिकल पाठ्यक्रमों से जुड़े करीब 50 निजी कॉलेजों की फीस का निर्धारण भी लंबित है। FRC के OSD डॉ. अनिल शिवानी के अनुसार जानकारी अपडेट करने की तय समयसीमा समाप्त हो चुकी है और सभी मामले आगामी बैठक में रखकर प्रोविजनल फीस पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

Share to...