November 23, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

Horse Kick Death Municipal Action Updates: नगर निगम की चालानी कार्रवाई पर उठे सवाल, पुलिस ने शुरू की जांच

भोपाल: राजधानी भोपाल के पंचशील नगर में सड़क पर खुलेआम बांधे जा रहे घोड़े अब लोगों की जान के लिए खतरा बन गए हैं। घोड़ों के कारण पहले भी लोगों और बेजुबान जानवरों के घायल होने की शिकायतें सामने आ चुकी हैं, लेकिन जिम्मेदार विभागों की कार्रवाई सिर्फ चालानी औपचारिकता तक सीमित रही। अब इसी लापरवाही के बीच एक 39 वर्षीय ठेकेदार की जान चली गई। घटना रविवार शाम करीब 7 बजे की है।

पंचशील नगर निवासी संतोष श्रवण अपने रिश्तेदार के बेटे की शादी के कार्ड बांटकर घर लौट रहे थे। घर के पास सड़क के दोनों ओर बंधे घोड़ों के बीच से निकलते समय एक घोड़े ने उनके पेट में इतनी जोरदार लात मारी कि वह मौके पर ही गिर पड़े। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

💔 शादी के कार्ड बांटकर लौट रहे थे, रास्ते में मौत से सामना

संतोष श्रवण जर्जर मकानों को तोड़ने का ठेका लेते थे। रविवार को वह अपने साले के साथ मौसेरे भाई की शादी के कार्ड बांटने निकले थे। परिजनों के मुताबिक, शाम तक रिश्तेदारों को कार्ड बांटने के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। घर के नजदीक रवि लोगांशी नामक व्यक्ति द्वारा कथित तौर पर कब्जा कर अस्तबल बनाया गया है। यहां पांच से छह घोड़े रखे जाते हैं। घटना के वक्त सड़क के दोनों तरफ घोड़े बंधे हुए थे।

इसी बीच संतोष जब वहां से निकल रहे थे, तभी एक घोड़े ने उनके पेट पर जोरदार लात मार दी। हमले के बाद संतोष सड़क पर गिर पड़े। उन्हें पेट में असहनीय दर्द होने लगा और सांस लेने में भी परेशानी होने लगी। परिजन पहले उन्हें नजदीकी निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत बिगड़ने पर चूना भट्टी स्थित दूसरे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

⚠️ युवक को काट चुका घोड़ा, कुत्ते की भी गई थी जान

इस घटना के बाद घोड़ों को सड़क पर बांधने और अस्तबल संचालित करने को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मृतक के भाई विनोद का आरोप है कि यहां रखे गए घोड़ों के कारण पहले भी हादसे हो चुके हैं। परिजनों के मुताबिक, अस्तबल में मौजूद एक घोड़ा पहले एक युवक को काट चुका है। वहीं, एक कुत्ते को भी घोड़े ने लात मार दी थी, जिससे उसकी मौत हो गई थी। इन घटनाओं के बाद भी घोड़ों को सार्वजनिक रास्ते से हटाने या सुरक्षित स्थान पर रखने की व्यवस्था नहीं की गई।

📞 CM हेल्पलाइन से थाने तक शिकायत, नहीं हुई ठोस कार्रवाई

परिजनों का कहना है कि घोड़ों से होने वाले खतरे को लेकर पहले भी कई बार शिकायतें की गई थीं। CM हेल्पलाइन और TT नगर थाने में शिकायत करने के साथ स्थानीय पार्षद को भी मामले की जानकारी दी गई थी। परिवार के मुताबिक, पार्षद ने नगर निगम से कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया था। घटना से दो दिन पहले नगर निगम की टीम भी मौके पर पहुंची थी, लेकिन टीम ने केवल चालानी कार्रवाई की और वापस लौट गई। घोड़ों को सड़क किनारे बांधने की व्यवस्था नहीं बदली।

🏛️ नगर निगम की कार्रवाई पर उठे सवाल

संतोष की मौत ने नगर निगम और संबंधित जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि घोड़ों से पहले भी लोगों और जानवरों को नुकसान पहुंचने की शिकायतें मिल रही थीं, तो समय रहते अस्तबल को हटाने या घोड़ों को सुरक्षित स्थान पर रखने की व्यवस्था क्यों नहीं की गई।

🚔 TT नगर पुलिस ने शुरू की जांच

घटना के बाद TT नगर पुलिस ने संतोष श्रवण की मौत के मामले में मर्ग कायम कर लिया है। उपनिरीक्षक राघवेंद्र सिंह सीकरवार ने कहा कि पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों और अस्तबल संचालन से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

Share to...